पुलिस लाइन मोहला में निःशुल्क नेत्र शिविर:102 पुलिसकर्मियों की हुई आंखों की जांच, एसएसपी ने डॉक्टरों को किया सम्मानित




मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वायपी सिंह के निर्देश पर पुलिस लाइन मोहला में रविवार को एक दिवसीय निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। इसमें जिले के 102 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपनी आंखों की जांच कराई। राजनांदगांव के भट्टाचार्य आई क्लिनिक एंड रेटिना लेजर सेंटर के वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सुदीप भट्टाचार्य और डॉ. सोनिया भट्टाचार्य ने अपनी तकनीकी टीम के साथ शिविर में सेवाएं दीं। टीम ने पुलिसकर्मियों की आंखों की गहन जांच की। जांच के बाद, जिन जवानों को आवश्यकता थी, उन्हें चश्मे बनवाने की सलाह दी गई। इसके अतिरिक्त, आंखों की देखभाल से संबंधित सावधानियों की जानकारी दी गई और निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया। पुलिस विभाग के लिए उनकी सेवाओं के सम्मान में, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह ने डॉ. सुदीप भट्टाचार्य, डॉ. सोनिया भट्टाचार्य और उनकी टीम की सराहना की। कार्यक्रम के समापन पर एसएसपी ने डॉक्टरों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह ने जवानों और अधिकारियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जिले के सभी पुलिसकर्मी उनके परिवार का हिस्सा हैं और उनकी स्वास्थ्य व कल्याण की जिम्मेदारी विभाग की है। एसएसपी ने बताया कि यह नेत्र परीक्षण शिविर इसी दिशा में एक प्रयास है। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी पुलिसकर्मियों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए ऐसे अन्य स्वास्थ्य शिविर लगातार आयोजित किए जाएंगे। शिविर के दौरान डीएसपी ताजेश्वर दीवान, रक्षित निरीक्षक भुनेश्वर प्रसाद कश्यप, थाना प्रभारी मोहला निरीक्षक संदीप टोप्पो और साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक राजीव तिवारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *