![]()
बारियातू | गोनिया पंचायत के नावाडीह में जैनुल मियां के घर के पास लगे ट्रांसफॉर्मर से झूल रहे बिजली के तार बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि ट्रांसफॉर्मर के पास से गुजर रहा बिजली प्रभावित तार लकड़ी के खंभे के सहारे ऊंचाई पर रखा गया है। ग्रामीण मो. जैनुल, जलील, असरफ एवं संजय भुइयां ने बताया कि तेज हवा या किसी अन्य कारण से यदि लकड़ी का खंभा गिर जाता है, तो बिजली प्रभावित तार जमीन पर आ सकता है, जिससे बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि सबसे अधिक खतरा मवेशियों एवं बकरियों को है, क्योंकि वे अक्सर उस स्थान के आसपास घूमते रहते हैं। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से जल्द से जल्द झूलते तार को दुरुस्त कराने एवं सुरक्षित व्यवस्था करने की मांग की है। बालूमाथ | प्रखंड सभागार बालूमाथ में शुक्रवार को प्रखंड उपप्रमुख की अध्यक्षता में प्रखंड स्तरीय खरीफ कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य खरीफ सीजन को लेकर किसानों को मौसम विभाग की भविष्यवाणी एवं खेती की तैयारी से अवगत कराना था। बताया गया कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार इस वर्ष राज्य में सामान्य से कम वर्षा होने की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए किसानों को अभी से खेती की उचित योजना बनाने की सलाह दी गई। प्रखंड कृषि पदाधिकारी रघुनंदन प्रजापति एवं सहायक ने कृषक मित्रों और किसान बंधुओं को कम वर्षा में होने वाली फसलों की खेती पर विशेष ध्यान देने का सुझाव दिया। अधिकारियों ने कहा कि किसान मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक खेती अपनाएं तथा आधुनिक कृषि तकनीकों का उपयोग करें। जनप्रतिनिधियों ने भी किसानों से सतर्क रहते हुए समय रहते खरीफ फसलों की तैयारी शुरू करने की अपील की। चंदवा| जनजातीय संस्कृति, परंपरा और विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर आयोजित राष्ट्रीय जनजातीय सांस्कृतिक सम्मेलन में भाग लेने के लिए जिले से 251 धरतीपुत्र शनिवार को दिल्ली रवाना हुए। नई दिल्ली के लालकिला में 24 मई को आयोजित सम्मेलन में झारखंड समेत देशभर से बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोग शामिल होंगे। जिले के प्रतिभागी विशेष ट्रेन से टोरी रेलवे स्टेशन से दिल्ली के लिए रवाना हुए। सम्मेलन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं लातेहार जिले के माजरा गांव निवासी एवं वनवासी कल्याण केंद्र के राष्ट्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिंह वरिष्ठ अतिथि के रूप में सभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपरा, सामाजिक योगदान और उनके अधिकारों से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी। प्रतिभागियों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से जनजातीय समाज की पहचान और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती मिलती है। महुआडांड़ | संत जेवियर्स कॉलेज परिसर में शनिवार को प्रशासनिक सदस्या सिस्टर कैरोलिन के सम्मान में भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। वर्षों तक संस्थान को अपनी उत्कृष्ट सेवाएं देने के बाद उनकी विदाई के क्षण में पूरा कॉलेज परिवार उमड़ पड़ा। कार्यक्रम में सदस्यों ने सिस्टर कैरोलिन के प्रति अपने गहरे स्नेह, सम्मान और कृतज्ञता की अभिव्यक्ति की। कार्यक्रम का शुभारंभ छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किए गए सुमधुर और हृदयस्पर्शी विदाई गीत के साथ हुआ। कॉलेज के प्राचार्य फादर डॉ. एमके जोस ने कहा कि सिस्टर कैरोलिन ने कॉलेज के प्रशासनिक एवं शैक्षणिक ढांचे को सुदृढ़ और अनुशासित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अंग्रेजी विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर रेचल सुष्मिता नाग ने सिस्टर कैरोलिन के सेवा-सफर पर प्रकाश डाला। इस दौरान सिस्टर कैरोलिन भावुक नजर आईं। उन्हें पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। पूरे कार्यक्रम का संचालन असिस्टेंट प्रोफेसर अदिति एवं असिस्टेंट प्रोफेसर अनिभा द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में गणित विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर मोनिका केरकेट्टा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। गारू | सेवानिवृत्त रेंजर अर्जुन बड़ाईक पत्नी के साथ शुक्रवार को बारेसांढ़ पहुंचे। उन्होंने अपने कार्यकाल में स्थापित मानसमणि दीप सेवा संस्थान सरना धाम आश्रम का निरीक्षण किया। आश्रम में चल रहे जीर्णोद्धार कार्य और सावन अमावस्या पर प्रस्तावित कांवर यात्रा को लेकर चर्चा की। आश्रम परिसर और चापाचुवां शिव स्थान पर कल्पतरु एवं शिवलिंगी वृक्ष का पौधरोपण भी किया। बड़ाईक 10 जुलाई 1986 से 5 नवंबर 1995 तक करीब 9 वर्ष 3 माह 26 दिन तक बारेसांढ़ रेंज में पदस्थापित रहे थे। उन्होंने लोगों और पुराने मजदूरों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। प्रभारी वनपाल साकेत पांडेय और रंजय कुमार ने कहा कि उनके द्वारा किए गए कार्य आज भी प्रेरणा के स्रोत हैं।
Source link
झूलते तार को दुरुस्त कराने की मांग












Leave a Reply