![]()
भास्कर न्यूज | तेलो चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के जरूवामोड़ के आगे जरूवा से हीरक रोड को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर रविवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक पर सवार चार लोग घायल हो गए। इनमें दो की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, बिरनी पंचायत के मानपुर निवासी बासु साव अपनी दादी और एक अन्य युवक के साथ बाइक संख्या जेएच-10सीजी-8749 से दुग्दा जा रहे थे। वहीं दूसरी ओर, चैताटांड़ से एक युवक बाइक संख्या जेएच-09बीएच-5819 से पपलो की ओर जा रहा था। इसी दौरान जरूवामोड़ के आगे मुख्य सड़क पर दोनों बाइकों की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही चंद्रपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलों को भी अपने कब्जे में ले लिया है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि इस सड़क पर आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। सड़क काफी संकरी है और दोनों ओर उगी झाड़ियों के कारण सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते। ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से सड़क का चौड़ीकरण कराने तथा झाड़ियों की नियमित सफाई कराने की मांग की है, ताकि लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
Source link
चंद्रपुरा जरूवामोड़ के पास दो बाइकों की सीधी टक्कर में चार सवार घायल















Leave a Reply