ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से 11 केवी पोल टूटा:पांच गांवों की बिजली गुल, मुआवजे पर विभाग-मालिक आमने-सामने




सीधी जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र के ग्राम झलवार में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली 11 केवी विद्युत पोल से टकरा गई, जिससे पोल टूट गया और पांच गांवों की बिजली गुल हो गई। इस घटना के बाद बिजली विभाग और ट्रैक्टर मालिक के बीच मुआवजे को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मंगलवार सुबह करीब 5 बजे ग्राम पैकीनिया निवासी संदीप पटेल का ट्रैक्टर-ट्रॉली झलवार क्षेत्र से गुजर रहा था। अचानक ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे 11 केवी विद्युत पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पोल टूटकर गिर गया।इस हादसे के कारण झलवार, कोठिया, सुअरघाट और कटौली सहित पांच गांवों में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। घटना के बाद से पांच घंटे से अधिक समय तक बिजली बंद रही, और विभाग ने इसे बहाल करने में और समय लगने की संभावना जताई है। घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त लाइन को दुरुस्त करने का काम शुरू किया। टूटे पोल को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। भीषण गर्मी और नौतपा के बीच बिजली गुल होने से ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।ट्रैक्टर मालिक संदीप पटेल ने आरोप लगाया है कि बिजली विभाग के कर्मचारी उन पर नया पोल लगवाने का दबाव बना रहे हैं। पटेल का कहना है कि यह एक दुर्घटना थी और इसमें उनकी कोई जानबूझकर गलती नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे नया विद्युत पोल नहीं लगवाएंगे। वहीं, बिजली विभाग के अधिकारी सत्य प्रकाश साह ने इस मामले पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि विभाग की संपत्ति को नुकसान पहुंचाना दंडनीय अपराध है। साह ने बताया कि संबंधित पक्ष को नुकसान की भरपाई कर पोल सुधरवाने के लिए कहा गया है। यदि सहयोग नहीं किया गया, तो थाने में प्रकरण दर्ज कराया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *