झाबुआ के झकनावदा अस्पताल में तोड़फोड़, सफाईकर्मी गिरफ्तार:CCTV फुटेज से पहचान, दो अज्ञात महिलाएं भी शामिल




सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झकनावदा की नई बिल्डिंग में तोड़फोड़ के मामले में एक सफाईकर्मी को गिरफ्तार किया गया है। रविवार रात हुई इस घटना में अस्पताल की 5-6 खिड़कियों के कांच पत्थर मारकर तोड़ दिए गए थे। सोमवार सुबह स्टाफ के ड्यूटी पर पहुंचने पर घटना का पता चला। ग्रामीणों की मांग पर सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाला अस्पताल का ही एक आउटसोर्स सफाईकर्मी निकला। घटना के समय कुछ कर्मचारियों ने रात में पत्थर चलने की आवाजें सुनी थीं, लेकिन अंधेरे के कारण वे स्थिति का आकलन नहीं कर पाए थे। महिलाएं भी दिखीं साथ बुधवार को ग्रामीणों के अस्पताल पहुंचने और दबाव बनाने के बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। कैमरों की रिकॉर्डिंग में रात 10:16 बजे रूपाखेड़ा निवासी सफाईकर्मी प्रवीण चारण पुत्र धनराज चारण पत्थरबाजी करते हुए स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। फुटेज में उसके साथ दो अज्ञात महिलाएं भी मौजूद थीं, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है। झकनावदा चौकी पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की। सीसीटीवी साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी प्रवीण को गिरफ्तार कर लिया गया है। सहायक उप निरीक्षक सुरेंद्र सिंह सिसोदिया और उनकी टीम अब उन अज्ञात महिलाओं की भूमिका और इस तोड़फोड़ के पीछे की असली मंशा की बारीकी से जांच कर रही है। इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपी के विरुद्ध शासकीय संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत कठोरतम कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी सार्वजनिक संपत्ति को निशाना बनाने का साहस न कर सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *