![]()
धार की ऐतिहासिक भोजशाला मामले पर लंबे इंतजार के बाद कल (शुक्रवार) अहम फैसला आने वाला है। इस संभावित निर्णय को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है। पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, और प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। इसी बीच, धार कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने जिले के नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की है। कलेक्टर ने कहा कि भोजशाला मामला संवेदनशील है, इसलिए सभी नागरिक जिम्मेदारी से व्यवहार करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें। कलेक्टर मीना ने विशेष रूप से सोशल मीडिया के उपयोग को लेकर चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की भ्रामक, भड़काऊ या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट साझा न करें। प्रशासन सोशल मीडिया की हर गतिविधि पर नजर रख रहा है, और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिलेभर के लोगों की निगाहें कल आने वाले इस महत्वपूर्ण फैसले पर टिकी हुई हैं। धरना, प्रदर्शन को लेकर प्रतिबंधात्मक आदेश
कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने जिलेभर में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए हैं। आदेश के तहत बिना अनुमति जुलूस, धरना, प्रदर्शन, पांच से अधिक लोगों की भीड़, हथियारों का प्रदर्शन और सोशल मीडिया पर भड़काऊ या भ्रामक पोस्ट फैलाने पर प्रतिबंध रहेगा। पेट्रोल-डीजल को बोतल या कंटेनर में बेचने पर भी रोक लगाई गई है। प्रशासन ने होटल, लॉज संचालकों को आगंतुकों का रिकॉर्ड रखने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने के निर्देश दिए हैं। आदेश 5 जून 2026 तक प्रभावशील रहेगा।
Source link
भोजशाला फैसले से पहले धार में प्रशासन हाई अलर्ट पर:जुलूस-प्रदर्शन पर रोक, सोशल मीडिया निगरानी बढ़ी; भड़काऊ पोस्ट पर होगी सख्त कार्रवाई















Leave a Reply