डंडई से रमना तक 10 करोड़ रुपए से हो रही है सड़क की मरम्मत, आवागमन में होगी सुविधा




भास्कर न्यूज | डंडई डंडई में पथ निर्माण विभाग की पहल पर प्रखंड मुख्यालय के सोनेहरा मोड़-डंडई-धुरकी मुख्य पथ से सोनेहरा रमना तक सड़क के मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कार्य की शुरुआत कर दी गई है। सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। सरकार की आईआरक्यूपी योजना के तहत इस महत्वपूर्ण सड़क का पुनर्निर्माण एवं मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। मरम्मत कार्य करा रहे साइट इंजीनियर राकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि 13.462 किलोमीटर लंबी इस सड़क के मरम्मत कार्य पर करीब 10 करोड़ रुपए से अधिक की राशि खर्च की जाएगी। योजना के अंतर्गत सड़क पर नई डामरीकरण परत बिछाने, गड्ढों की मरम्मत, सड़क किनारे मजबूतीकरण सहित अन्य आवश्यक कार्य किए जाएंगे। ग्रामीणों ने बताया कि डंडई से सोनेहरा होते हुए रमना तक सड़क का निर्माण हुए लगभग 10 वर्ष बीत चुके हैं। समय के साथ सड़क जर्जर होने लगी थी, जिससे लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अब सड़क की मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कार्य शुरू होने से लोगों में खुशी है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क मजबूत बनने से लंबे समय तक लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सकेगी। रमना-डंडई सड़क क्षेत्र की महत्वपूर्ण संपर्क सड़क मानी जाती है। सड़क की स्थिति खराब रहने के कारण स्कूली बच्चों, मरीजों, व्यवसायियों एवं वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। लोगों ने कहा कि मरम्मत कार्य पूरा हो जाने के बाद आवागमन सुरक्षित और सुगम हो जाएगा। स्थानीय लोगों ने सरकार एवं पथ निर्माण विभाग के प्रति आभार जताते हुए कहा कि सड़क के बेहतर होने से क्षेत्र के व्यापार, शिक्षा तथा यातायात व्यवस्था को नया बल मिलेगा। वहीं विभागीय अधिकारियों ने बताया कि कार्य को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। मौके पर निलय सौरभ सिंह सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *