![]()
भास्कर न्यूज | गढ़वा अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार के साप्ताहिक संवाद कार्यक्रम कॉफी विद एसडीएम के तहत बुधवार को अंतरराष्ट्रीय नर्सिंग दिवस के अवसर पर संवाद कार्यक्रम का आयोजन अनुमंडल कार्यालय सभागार में किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न अस्पतालों एवं संस्थानों से जुड़े 30 से अधिक नर्सिंग कर्मियों ने भाग लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीएम ने कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था का सबसे मानवीय और संवेदनशील चेहरा नर्सिंग कर्मी होते हैं। मरीजों की सेवा, देखभाल एवं आपात परिस्थितियों में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि इस संवाद का उद्देश्य नर्सिंग कर्मियों के अनुभवों, समस्याओं एवं सुझावों को सीधे सुनना तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में सार्थक पहल करना है। संवाद के दौरान नर्सिंग कर्मियों ने ड्यूटी अवधि, कार्य के दौरान आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों, अस्पतालों में संसाधनों की उपलब्धता, मरीजों एवं परिजनों के साथ समन्वय जैसी विभिन्न विषयों पर अपने अनुभव साझा किए। महिला नर्सिंग कर्मियों ने रखीं अपनी बातें : कार्यक्रम में 90 प्रतिशत से अधिक महिला नर्स पहुंची थी। इन महिला नर्सिंग कर्मियों ने कार्य एवं पारिवारिक जिम्मेदारियों के संतुलन, रात्रि ड्यूटी के दौरान सुरक्षा तथा कार्यस्थल से जुड़ी अन्य चुनौतियों पर भी अपने विचार रखे। इस दौरान उन्हें अपनी समस्याओं एवं सुझावों को खुलकर रखने का अवसर दिया गया। सेवा-भावना पर निजी-लाभ को भारी न पड़ने दें: संजय कुमार ने बैठक में मौजूद सभी नर्सों से भावुक अपील की कि रोगियों की सेवा करना ईश्वरीय काम है। इसलिए पूरे ईमानदारी और निष्ठा से इस सेवा अवसर का लाभ उठाएं। लेकिन कई बार उन्हें शिकायतें मिलती हैं कि सरकारी अस्पतालों की कुछ नर्स थोड़े से लालच में रोगियों को निजी अस्पताल जाने को प्रेरित करती हैं तो इससे उन्हें बड़ा दुख होता है। हालांकि उन्होंने कहा कि बहुत कम संख्या में ही इस प्रकार के कर्मी होंगे जो निजी लाभ देखते होंगे, ज्यादातर नर्सों का योगदान अति सराहनीय है। इस दौरान प्रीति कुमारी, चंदा भारती, श्वेता कुमारी, अंजू कुमारी, सोना कुमारी, सबीना खातून, सपना कुमारी, जमील अख्तर, रंजू बाला मिंज, नीतू कुमारी, संध्या तिवारी, रीना, पूनम आदि ने विचार व्यक्त किए।
Source link
गढ़वा में नर्स का पेशा मानव सेवा और संवेदना का प्रतीक : एसडीएम













Leave a Reply