.
जिले में बढ़ते नशे के अवैध कारोबार और युवाओं को इसकी गर्त में धकेलने वाले गिरोहों के खिलाफ गुमला पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। मंगलवार रात सदर थाना क्षेत्र के मुरली बगीचा तालाब के पास पुलिस ने छापेमारी कर ब्राउन शुगर की तस्करी में शामिल एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 21.72 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है, जिसकी बाजार में कीमत 1 लाख 63 हजार रुपए आंकी जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मुरली बगीचा तालाब के पास कुछ युवक संदिग्ध अवस्था में मौजूद हैं और मादक पदार्थ (ब्राउन शुगर) की खरीद-बिक्री की योजना बना रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए गुमला थाना की एक टीम ने तुरंत घेराबंदी कर मौके पर छापेमारी की। पुलिस की गाड़ियां देखते ही वहां मौजूद तीनों युवक भागने लगे। जवानों नेपीछा कर एक युवक को धर दबोचा, जिसकी पहचान कुम्हार ढलान निवासी नंदलाल साहू के रूप में हुई है। हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर गिरोह के दो अन्य सदस्य, मेन रोड निवासी रिषभ साहू और कलिगा निवासी कुंदन कुमार भागने में सफल रहे। गिरफ्तार नंदलाल साहू की जब मौके पर तलाशी ली गई, तो उसके पास से 21.72 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।उसने स्वीकार किया कि वह अपने फरार साथियों के साथ मिलकर शहर में नशे की सप्लाई करता है। पुलिस ने आरोपी के बयान और एसआइ कुंदन चौधरी की शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।












Leave a Reply