7 आई-फोन निकालकर पार्सल में भर दिए पत्थर:साढ़े तीन महीने से डिलीवरी बॉय था लापता, गुरुवार रात क्राइम ब्रांच ने पकड़ा




ग्वालियर में इंस्टाकार्ट कंपनी का डिलीवरी बॉय सात आईफोन पार्सल में पत्थर भरकर फरार हो गया था। करीब साढ़े तीन महीने तक लापता रहने के बाद गुरुवार रात पुलिस ने आरोपी को उसके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस उससे चोरी गए आईफोन के बारे में पूछताछ कर रही है। क्राइम ब्रांच के मुताबिक आरोपी ध्रुव सेम 21 जनवरी को कंपनी के ऑफिस से 28 पार्सल लेकर निकला था। शाम तक वापस नहीं लौटने पर कंपनी ने उसकी तलाश शुरू की। बाद में ऑफिस में उसका डिलीवरी बैग और शिपमेंट मिले। जांच में सामने आया कि ध्रुव ने 28 में से 16 पार्सल डिलीवर किए थे। 5 पार्सल सही हालत में मिले, जबकि 7 पार्सल में रखे आईफोन की जगह पत्थर पाए गए। इन मोबाइल की कीमत करीब 10 से 11 लाख रुपए बताई गई थी। साढ़े तीन महीने बाद घर लौटा, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा क्राइम ब्रांच लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। गुरुवार रात सूचना मिली कि ध्रुव अपने घर पटियावाला मोहल्ला, अजयपुर गिरवाई इलाके में आया हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी को क्राइम ब्रांच थाना लेकर पहुंची, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस जानने की कोशिश कर रही है कि उसने iPhone कहां बेचे या छिपाए, लेकिन फिलहाल आरोपी कुछ भी बताने से बच रहा है। ऐसे खुला पूरा मामला कंपनी के टीम लीडर राजकुमार शर्मा के मुताबिक ध्रुव 21 जनवरी सुबह सिल्वर इस्टेट स्थित ऑफिस से पार्सल लेकर निकला था। देर रात बैग की जांच करने पर खुलासा हुआ कि सात आईफोन पार्सल में मोबाइल की जगह पत्थर रखे हुए थे। इसके बाद कंपनी ने मामले की शिकायत पुलिस से की थी। इस मामले में क्राइम ब्रांच थाना प्रभारी अमित शर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया था। अब उससे पूछताछ कर चोरी गए फोन बरामद करने की कोशिश की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *