गढ़वा में जनगणना-2027 का पहला चरण शुरू घर-घर जाकर जुटा रहे 33 बिंदुओं पर जानकारी



भास्कर न्यूज | गढ़वा जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत गढ़वा जिले में मकान सूचीकरण और आवास गणना कार्य की शुरुआत 16 मई 2026 से कर दी गई है। इस अभियान के तहत प्रगणक व पर्यवेक्षक शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर सर्वेक्षण कर रहे हैं और परिवारों से विभिन्न आवश्यक जानकारियां एकत्रित कर रहे हैं। जिला प्रशासन ने इसे सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस संबंध में उपायुक्त अन्नय मित्तल ने बताया कि जिले में जनगणना कार्य के संचालन के लिए कुल 23 चार्ज बनाए गए हैं, जिनमें तीन शहरी और 20 ग्रामीण क्षेत्र शामिल हैं। सर्वेक्षण कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए 421 पर्यवेक्षकों और 2411 प्रगणकों की प्रतिनियुक्ति की गई है। ये सभी कर्मी अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में जाकर आंकड़े संग्रह करने में जुटे हुए हैं। उन्होंने बताया कि भारत की जनगणना-2027 देश की पहली डिजिटल जनगणना होगी, जिसे दो चरणों में पूरा किया जाएगा। प्रथम चरण में 16 मई से 14 जून 2026 तक मकान सूचीकरण एवं आवास संबंधी आंकड़े जुटाए जाएंगे। जबकि दूसरे चरण में नौ फरवरी से 28 फरवरी 2027 तक जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा। प्रथम चरण के दौरान प्रगणक कुल 33 प्रश्नों के आधार पर जानकारी एकत्र करेंगे। इसमें मकान की स्थिति, दीवार एवं छत की निर्माण सामग्री, पेयजल, बिजली, शौचालय, रसोईघर, खाना पकाने के साधन, परिवार के सदस्यों की संख्या, सामाजिक वर्ग, कमरों की संख्या तथा घरेलू उपकरणों की उपलब्धता जैसी जानकारियां शामिल हैं। इसके अलावा मोबाइल, इंटरनेट, कंप्यूटर, वाहन एवं अन्य सुविधाओं से संबंधित सूचनाएं भी दर्ज की जाएंगी। उन्होंने आमजन से अपील की है कि वे जनगणना कार्य में सक्रिय सहयोग करें और प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं। उपायुक्त ने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं, आधारभूत संरचना के विस्तार तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के निर्माण एवं प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *