भास्कर न्यूज|गुमला सिसई थाना क्षेत्र के महल टोली के समीप एक भीषण सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक करीना महली की दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। घटना के संबंध में मृतक के भाई विमल महली ने बताया कि करीना महली बाइक से छारदा बस्ती की ओर जा रहा था। इसी दौरान छारदा स्थित कोल्हू के पास अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और एक जोरदार टक्कर हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि करीना ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए लहूलुहान स्थिति में करीना को तत्काल रेफरल अस्पताल सिसई पहुंचाया। हालांकि अस्पताल के चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही सिसई थाना पुलिस अविलंब अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी की और पंचनामा तैयार करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और दुर्घटना के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति गहरा रोष है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और परिवहन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को तत्काल मजबूत किया जाए। लोगों का कहना है कि छारदा और उसके आसपास के दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट्स) में गति सीमा के बोर्ड, आवश्यक संकेतक (साइनबोर्ड) और स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं, ताकि भविष्य में रफ्तार के इस कहर से किसी मासूम की जान न जाए।
Source link
सिसई में अनियंत्रित बाइक टकराने से युवक ने घटना स्थल पर तोड़ा दम










Leave a Reply