भरनो|रांची-गुमला मुख्य मार्ग एनएच-23 पर भरनो प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत दुम्बो हनुमान मंदिर के समीप रविवार की दोपहर एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक बैल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहीं दुर्घटना में कार चालक बाल-बाल बच गया, हालांकि उसकी कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृत बैल दुम्बो गांव निवासी किसान सिरी महतो का था। बताया जाता है कि बैल घर के पास सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान गुमला की ओर से रांची की तरफ जा रही तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बैल ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद बैल मालिक सिरी महतो ने कार चालक से मृत बैल का उचित हर्जाना देने की मांग की। प्रारंभ में चालक हर्जाना देने को तैयार नहीं था,जिससे कुछ देर तक विवाद की स्थिति बनी रही। बाद में मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने दोनों पक्षों को समझाया-बुझाया। इसके बाद कार चालक ने बैल के अंतिम संस्कार एवं क्षति की भरपाई के लिए कुछ राशि देने पर सहमति जताई।
Source link
तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से बैल की मौत, चालक बाल-बाल बचा










Leave a Reply