12 करोड़ से संवर रहा बायोडायवर्सिटी पार्क, जुलाई से खुलेगा



भास्कर न्यूज | गिरिडीह गिरिडीह-डुमरी मुख्य मार्ग पर कुम्हरलालो में बायोडाय वर्सिटी पार्क बनाया जा रहा है। यह पार्क बराकर नदी के किनारे सखुआ के घने जंगलों के बीच विकसित हो रहा है। गिरिडीह पूर्वी वन प्रमंडल की ओर से इसका निर्माण कराया जा रहा है। 12 करोड़ की लागत से करीब 90 हेक्टेयर क्षेत्र में पार्क तैयार किया जा रहा है। वन विभाग के अनुसार जुलाई माह से पार्क आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। पार्क में कई वॉच टावर बनाए जा रहे हैं। इन टावरों से लोग बराकर नदी और जंगलों का सुंदर नजारा देख सकेंगे। यहां पक्षियों और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद भी लिया जा सकेगा। पार्क में पैदल चलने के लिए विशेष पथ बनाए जा रहे हैं। बैठने की व्यवस्था और सेल्फी प्वाइंट भी तैयार किए जा रहे हैं। बच्चों के लिए अलग से मनोरंजन क्षेत्र विकसित किया जा रहा है। पार्क से जहां पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा वहीं स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। यह पार्क पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता को बढ़ावा देने में सहायक होगा। नक्षत्र गार्डन और रोज गार्डन के साथ लगेंगे कई पौधे पार्क में नक्षत्र गार्डन और रोज गार्डन भी बनाया जा रहा है। रोज गार्डन में 40 किस्म के गुलाब लोगों को आकर्षित करेंगे। इसके अलावा 20 प्रकार के बांस और 50 प्रकार के आम के पेड़ लगाए जाएंगे। साथ ही पार्क में क्लॉक टावर और कई वॉच टावर बनाए जा रहे हैं। यहां तालाब, फाउंटेन और कॉटेज की भी व्यवस्था की जा रही है। पक्षियों के लिए विशेष क्षेत्र विकसित किया जा रहा है। बच्चों के खेलने के लिए पार्क बनाया जा रहा है। पर्यटकों के लिए रेस्टोरेंट और बैठने की सुविधा भी रहेगी। वन विभाग की ओर से पार्क का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। जिले भर के लोगों में इसे लेकर उत्साह बढ़ गया है। लोग बेसब्री से इसके शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। अभी से ही लोग पार्क के पास आने-जाने लगे हैं । गिरिडीह पूर्वी वन प्रमंडल के डीएफओ मनीष तिवारी ने बताया कि अब पार्क के निर्माण अंतिम दौर में है। जुलाई में बारिश और हरियाली के बीच पार्क को आम लोगों के लिए शुरू कर दिया जाएगा। ताकि जिले भर के लोग इसका आनंद उठा सकेंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *