भारत विकास परिषद की प्रांतीय कार्यशाला में गूंजा सेवा का संकल्प



भास्कर न्यूज |गिरिडीह सामाजिक संस्था भारत विकास परिषद की प्रांतीय कार्यशाला रविवार को शहर के सिहोडीह में आयोजित की गई। एक दिवसीय इस कार्यशाला में उत्तर झारखंड के कई पदाधिकारियों और सदस्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना के साथ हुई, जिसके बाद पतंजलि योग समिति के युवा सदस्यों ने योग आधारित देशभक्ति नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यशाला में प्रांतीय अध्यक्ष राम प्रवेश पांडेय, प्रांतीय महासचिव सुनील कुमार, प्रांतीय वित्त सचिव अश्विनी तिवारी, प्रांतीय कार्यक्रम संयोजक सरदार देवेंद्र सिंह सलूजा, गिरिडीह अध्यक्ष अजय शिवानी, किरण बरनवाल और प्रमोद अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। राम प्रवेश पांडेय ने कहा कि भारत विकास परिषद का मुख्य उद्देश्य समाज और मानव सेवा है। परिषद लगातार स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि योग को घर-घर तक पहुंचाने और लोगों को निरोग बनाने का अभियान परिषद की प्राथमिकताओं में शामिल है। आज यह एक बड़ा जनआंदोलन बन चुका है।परिषद दिव्यांगों की सहायता, जरूरतमंदों को सहयोग, सुदूर वन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने और बच्चों की शिक्षा व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाना ही संस्था का लक्ष्य है। कार्यशाला के दौरान अन्य वक्ताओं ने भी परिषद के सामाजिक कार्यों और भविष्य की योजनाओं पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में देशभक्ति गीतों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिसने माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। कार्यशाला के अंत में समाज सेवा के कार्यों को और मजबूत करने तथा अधिक से अधिक लोगों को परिषद से जोड़ने का संकल्प लिया गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *