तीन दिन खाना नहीं खाया, आत्महत्या करने फंदे तक पहुंचा:स्टंटबाज युवक की कहानी; पिता बोले- उधार लेकर दिलाई बाइक, अब कोर्ट ने 20 हजार जुर्माना लगाया




पहले ये दो लाइनें पढ़िए- “इस शहर को चलाने के लिए सिर्फ दो लोग चाहिए, सुल्तान और मैं। बाकी पांडु सब वनवास जाएंगे…” “दिन में तो मुझे ढूंढने पुलिसिया, आऊंगा आधी रात में…” तेज म्यूजिक और फर्राटा भरती रेसिंग बाइक… यह सब कुछ सोशल मीडिया पर फेमस होने के जुनून में युवा कर रहे हैं। रील और स्टंट वीडियो बनाने की होड़ में अब वे अपनी जान तक जोखिम में डालने से पीछे नहीं हट रहे हैं। ऐसा ही एक मामला रायसेन में सामने आया, जहां एक युवक ने पिता से रेसिंग बाइक की डिमांड की। मना करने पर वह तीन दिनों तक भूखा रहा। सुसाइड करने के लिए फांसी के फंदे तक पहुंच गया। बेटे की जिद के आगे पिता हार गए। उन्होंने उधार लेकर रेसिंग बाइक दिला दी। बाइक मिलते ही युवक ने शहर की सड़कों पर खतरनाक स्टंट कर रील बनाना शुरू कर दिया। युवक यहीं नहीं रुका। रायसेन के मुख्य बाजार से लेकर एसपी कार्यालय के सामने तक उसने एक पहिए पर बाइक दौड़ाई। पुलिस ने युवक को बाइक समेत पकड़कर कोर्ट में पेश किया। यहां उस पर 20 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। दैनिक भास्कर ने युवक के पिता और पुलिस से बात कर पूरी कहानी को समझा। पढ़िए रिपोर्ट… मोबाइल पर बाइक देखकर जुनून सवार पिता रामस्वरूप कुशवाहा बताते हैं कि वे किसान हैं। करीब ढाई एकड़ जमीन पर खेती कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। 23 साल के बेटे सुमित को इन सब चीजों का शौक 18 साल की उम्र में लगा। वह मोबाइल पर स्पोर्ट्स बाइक के फोटो और वीडियो देखा करता था। युवा रेसिंग बाइक पर फर्राटा भरते थे। धीरे-धीरे बेटे का भी दिल महंगी बाइक पर आ गया। उसने R15 बाइक दिलाने की जिद शुरू कर दी। इतनी महंगी बाइक खरीदना मेरे लिए संभव नहीं था। मैंने और परिवार के अन्य सदस्यों ने बेटे को काफी समझाया, लेकिन उस पर इसका कोई असर नहीं हुआ। हमने उससे कहा- “बाइक की जगह हम जीप ले लेते हैं, पूरा परिवार उसका उपयोग कर पाएगा।” हालांकि बेटा बाइक लेने पर ही अड़ा रहा। तीन दिन नहीं खाया खाना, फांसी लगाने की धमकी दी बेटे का जुनून ऐसा था कि उसने खाना छोड़ दिया। करीब तीन दिनों तक उसने एक निवाला तक मुंह में नहीं डाला। इतना ही नहीं, वह सुसाइड की धमकी देने लगा। यहां तक कि उसने फांसी का फंदा बनाकर वीडियो भी डाल दिया। बेटे की इस हरकत से हम सब परिवार वाले डर गए। उसकी जिद के आगे मैं हार गया और आखिरकार रिश्तेदारों से उधार लेकर R15 बाइक फाइनेंस कराकर उसे दिला दी। पिता बताते हैं कि 1 लाख 90 हजार रुपए कीमत वाली यह बाइक उन्हें किश्तों समेत करीब ढाई लाख रुपए की पड़ रही है। पहले कम लाइक मिले, फिर लाखों व्यूज आने लगे पिता बताते हैं कि बाइक मिलते ही उसने शहर की गलियों में फर्राटा भरना शुरू कर दिया। देखते ही देखते वह स्टंट करने लगा। कभी बाइक घुमाता तो कभी एक पहिए पर दौड़ाता। उसने सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर डालना शुरू किया। शुरुआत में वीडियो पर 5 से 10 लाइक आया करते थे, लेकिन जैसे-जैसे वीडियो वायरल होने लगे, व्यूज लाखों तक पहुंच गए। रील्स से लोकप्रियता बढ़ी तो उसने मुख्य मार्गों के साथ-साथ गलियों और बाजार में भी स्टंट करना शुरू कर दिया। वह 100 की स्पीड से बाइक को एक पहिए पर दौड़ाते हुए वीडियो बनाता और अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड करता था। एसपी कार्यालय और मुख्य बाजार में स्टंट युवक ने रायसेन के मुख्य बाजार, सड़कों और यहां तक कि एसपी कार्यालय के सामने भी खतरनाक स्टंट किए। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सोमवार को थाना कोतवाली प्रभारी नरेंद्र गोयल ने कार्रवाई करते हुए युवक को बाइक समेत पकड़ लिया। पुलिस ने बाइक जब्त कर विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की और उसे कोर्ट में पेश किया, जहां 20 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। घर से निकलता, तो लगता था वापस आएगा या नहीं रामस्वरूप बताते हैं कि जब बेटा बाइक लेकर घर से निकलता था, तो हमेशा डर बना रहता था कि कहीं हादसा न हो जाए। उन्होंने कहा — “हम उसे समझाते थे कि आराम से गाड़ी चलाना, लेकिन वह तेज रफ्तार में बाइक चलाता था। मन में हमेशा डर रहता था कि शाम को घर सही-सलामत लौटेगा या नहीं। कहीं हाथ-पैर न टूट जाएं या कोई बड़ा हादसा न हो जाए।” पिता ने कहा कि- “बेटा किसी गलत संगत में नहीं है, ना ही नशा करता है। उसे सिर्फ बाइक चलाने और रील बनाने का शौक था, लेकिन अब पुलिस कार्रवाई के बाद उसे सबक मिलेगा।” सोशल मीडिया की चमक ने बढ़ाया स्टंट का क्रेज रील्स और वायरल वीडियो की होड़ में अब युवा लाइक और फॉलोअर्स पाने के लिए अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। कुछ सेकंड की लोकप्रियता पाने के लिए सड़क पर किए जाने वाले ऐसे स्टंट न केवल खुद की बल्कि दूसरों की जान के लिए भी खतरा बनते जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सड़क पर स्टंट करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। इंस्टाग्राम स्टेटस पर लिखा था- “My Dream Ninja ZX-10R” महंगी स्पोर्ट्स बाइक का जुनून युवक के सिर पर इस कदर चढ़ चुका था कि उसने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर “My Dream Ninja ZX-10R” स्टेटस तक लगा रखा था। सोशल मीडिया पर सुपरबाइक्स के वीडियो और फोटो देखने के बाद उसके मन में पहले R15 और फिर उससे भी महंगी सुपरबाइक खरीदने का सपना बस गया था। परिजनों के मुताबिक, युवक घंटों मोबाइल पर बाइक स्टंट और रील वीडियो देखता रहता था। धीरे-धीरे यही शौक जुनून में बदल गया और वह खुद भी उसी तरह के स्टंट कर सोशल मीडिया पर वायरल होने की कोशिश करने लगा



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *