चॉकलेट रैपर में छिपाकर कनाडा भेजी जा रही थी अफीम:मंदसौर में पार्सल से 455 ग्राम अफीम बरामद; पूछताछ करने पर घबराकर भागा युवक




मंदसौर स्थित नई आबादी पोस्ट ऑफिस में सोमवार शाम सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स (CBN) की टीम ने एक संदिग्ध पार्सल से 455 ग्राम अवैध अफीम बरामद की है। एक युवक इस पार्सल को ओंटारियो (कनाडा) भेज रहा था, जिसमें अफीम को कैंडी और चॉकलेट के रैपर के भीतर छिपाया गया था। पोस्टल कर्मचारियों द्वारा पार्सल की सामग्री के बारे में पूछताछ करने पर युवक घबराकर मौके से फरार हो गया। सीबीएन ने मौके पर पहुंचकर अफीम जब्त कर ली है और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सोमवार शाम करीब 4 से 4:30 बजे के बीच एक युवक नई आबादी पोस्ट ऑफिस पहुंचा था। उसने कनाडा भेजने के लिए करीब 2 किलो वजन का इंटरनेशनल पार्सल बुक कराने की बात कही। पोस्टल असिस्टेंट ने जब युवक से पार्सल में रखी सामग्री के बारे में पूछा, तो उसने बताया कि इसमें चॉकलेट आइटम हैं। पूछताछ में घबराया, सामान छोड़कर भागा
युवक की गतिविधियों को देखकर पोस्ट ऑफिस कर्मचारियों को संदेह हुआ। जब कर्मचारियों ने उससे पार्सल के बारे में अधिक जानकारी मांगी, तो वह बुरी तरह घबरा गया। कुछ ही देर में वह अपना पार्सल काउंटर पर ही छोड़कर मौके से भाग निकला। इसके बाद कर्मचारियों ने तत्काल सीबीएन को सूचना दी। दो घंटे की जांच, ‘लव पैन’ कैंडी में मिली अफीम
सूचना मिलने पर देर शाम सीबीएन मंदसौर सेल की टीम पोस्ट ऑफिस पहुंची और करीब दो घंटे तक जांच की। पार्सल खोलने पर उसमें ‘लव पैन’ नाम की कैंडी के दो बॉक्स मिले। टीम ने जब कैंडी के रैपर खोले, तो उनके भीतर से 25 छोटे-छोटे पाउच बरामद हुए, जिनमें कुल 455 ग्राम अफीम भरी हुई थी। बाकी रैपरों में सामान्य कैंडी निकली, जिसके बाद टीम ने प्रतिबंधित सामग्री को जब्त कर लिया। तस्करी का नया तरीका, सीसीटीवी से तलाश
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मादक पदार्थ पहुंचाने के लिए तस्करों ने जांच एजेंसियों को भ्रमित करने के लिए यह नया तरीका अपनाया है। सूत्रों के अनुसार, यह पार्सल नीमच से कनाडा भेजे जाने की जानकारी सामने आई है। पार्सल छोड़कर भागने वाले संदिग्ध युवक की तस्वीर पोस्ट ऑफिस परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। अब जांच एजेंसियां फुटेज के आधार पर युवक की तलाश कर रही हैं और इस अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का पता लगा रही हैं। नारकोटिक्स टीम को सूचना दी पोस्टल असिस्टेंट प्रदीप मेहरा ने बताया कि, एक व्यक्ति कनाडा के लिए इंटरनेशनल पार्सल बुक कराने आया था। उसने बताया कि पार्सल में चॉकलेट आइटम हैं, लेकिन उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पूछताछ करने पर वह घबरा गया और सामान छोड़कर चला गया। इसके बाद हमने नारकोटिक्स टीम को सूचना दी, जिन्होंने पार्सल से संदिग्ध पदार्थ बरामद किया है। सीबीएन का कहना है कि, एंटी ड्रग ऑपरेशन के तहत हमें विशेष सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति पोस्ट ऑफिस मंदसौर से कनाडा भेजे जाने वाले पार्सल में ड्रग्स छिपाकर बुकिंग कराने की कोशिश कर रहा है। सीबीएन मंदसौर सेल की टीम के पहुंचने से पहले ही संदिग्ध युवक भाग चुका था। तलाशी के दौरान पार्सल से अफीम बरामद हुई है, जिसे एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त कर आगे की जांच की जा रही है। देखिए तस्वीरें….



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *