सिंगरौली के रिहंद डैम में सैकड़ों मरी मछलियां मिलीं:AAP ने की निष्पक्ष कार्रवाई की मांग; प्रशासन की जांच शुरू




सिंगरौली जिले के रिहंद डैम में पांच सौ से अधिक मरी हुई मछलियां मिलने से हड़कंप मच गया है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद जिला प्रशासन सक्रिय हुआ। मंगलवार सुबह अधिकारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। आम आदमी पार्टी (AAP) ने इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष लाल बाबू कुशवाहा ने ज्ञापन में कहा कि रिहंद डैम से पूरे नगर निगम क्षेत्र में पेयजल की आपूर्ति होती है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि पानी प्रदूषित हुआ तो इसका असर आम लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ सकता है। पार्टी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने एक जांच टीम गठित की। इस टीम में एसडीएम, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, मत्स्य विभाग और विंध्याचल परियोजना के अधिकारी शामिल हैं। अधिकारियों ने मंगलवार सुबह रिहंद डैम पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पानी सहित अन्य नमूने जांच के लिए एकत्र किए। एसडीएम सुरेश झाधव ने बताया कि प्राथमिक जांच में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि लाइसेंस प्राप्त मछुआरों ने मछली पकड़ने के दौरान छोटी मछलियों को छोड़ दिया होगा, जिनकी बाद में मौत हो गई। हालांकि, प्रशासन ने नमूने जब्त कर लिए हैं और पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *