सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक बिजली की कटौती और बिल संबंधी शिकायत दर्ज करा सकेंगे कंज्यूमर




झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) ने उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए निगम मुख्यालय स्तर पर ‘जन समस्या निवारण केंद्र’ की शुरुआत की है। कुसई कॉलोनी स्थित डेटा सेंटर में सोमवार को इस केंद्र का उद्घाटन डोरंडा निवासी 82 वर्षीय उपभोक्ता अशोक कुमार पांडेय ने किया। निगम की ओर से यह पहल मुख्यालय के कॉल सेंटर और ऑनलाइन शिकायत व्यवस्था के अतिरिक्त शुरू की गई है, ताकि उपभोक्ताओं को सीधे संवाद और त्वरित समाधान की सुविधा मिल सके। मुख्यमंत्री के विशेष निर्देश पर केंद्र का संचालन सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक दो पालियों में किया जाएगा। इससे दुकानदारों, छोटे व्यवसायियों, फैक्ट्री कर्मियों और नौकरीपेशा लोगों को विशेष राहत मिलने की उम्मीद है। अब ऐसे उपभोक्ता काम पर जाने से पहले या लौटने के बाद भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। निगम अधिकारियों के अनुसार, केंद्र में बिजली बिल की त्रुटि, बिल सुधार, मीटर संबंधी शिकायतें, बिजली आपूर्ति बाधित होने, ट्रांसफॉर्मर और लाइन से जुड़ी समस्याओं सहित अन्य उपभोक्ता शिकायतों का समाधान किया जाएगा। भविष्य में इस सेवा को 24×7 संचालित करने की दिशा में भी विचार किया जा रहा है। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए निगम ने शिकायत दर्ज कराने हेतु मोबाइल नंबर 9031110120 भी जारी किया है। इस नंबर पर संपर्क कर उपभोक्ता अपनी समस्या दर्ज करा सकते हैं। कार्यक्रम में के श्रीनिवासन, केके वर्मा, रंजीत कुमार लाल सहित ऊर्जा निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी, उद्योग संगठनों और व्यापारिक संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *