डीसी ने बनाई 3 सदस्यीय टीम, पीड़िता का बयान दर्ज



बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में बंद महिला कैदी के साथ यौन शोषण के आरोप मामले की जांच तेज कर दी गई है। रांची डीसी की ओर से गठित टीम भी मंगलवार को जांच करने जेल पहुंची। गठित तीन सदस्यीय कमेटी में एडीएम लॉ एंड आर्डर, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी के अलावा एक महिला चिकित्सक भी थीं। कमेटी ने पीड़िता व उसके वार्ड में रहने वाली सहयोगी महिला बंदियों से भी पूछताछ की। टीम ने जेल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे की भी जांच की। अब टीम अपनी रिपोर्ट उपायुक्त रांची को सौंपेगी। उसके बाद आगे की कार्रवाई होगी। इससे पहले इस मामले में जेल में आईजी जेल भी जांच कर चुके हैं। वे भी जेल सुपरिटेंडेंट, जेलर व जेल में उपस्थित डाक्टरों से पूछताछ कर चुके हैं। महिला वार्ड की बढ़ाई सुरक्षा बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा होटवार जेल के महिला वार्ड की सुरक्षा-व्यवस्था बढ़ा दी गई है। महिला वार्ड में सीसीटीवी से भी मॉनिटरिंग शुरू कर दी गई है। महिला वार्ड में फिलहाल 106 बंदी हैं जिनकी सुरक्षा के लिए पूर्व में 8 महिला वार्डन व महिला गृह रक्षकों की तैनाती की गई थी। अब इनकी संख्या बढ़ा दी गई है ताकि महिला वार्ड के आसपास आने जाने वालों पर नजर रखी जा सके। जेल के कंट्रोल रूम में बैठने वाले कर्मियों को निर्देश दिया गया है कि किसी भी हाल में महिला वार्ड की तरफ लगे सीसीटीवी का एक भी कैमरा बंद न हो। कोई भी व्यक्ति आसपास में आते-जाते दिखाई देता है तो इसकी सूचना वहां तैनात महिला सुरक्षा प्रभारी को दी जाएगी। डालसा ने झालसा को दी रिपोर्ट डालसा की टीम ने जेल में जांच कर अपनी रिपोर्ट झालसा को सौंप दी है। नेता प्रतिपक्ष बाबू लाल मरांडी ने जेल में बिरसा मुंडा जेल में एक महिला बंदी के साथ जेल सुपरिटेंडेंट पर यौन शोषण का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री को पत्र लिखा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए झालसा के कार्यकारी अध्यक्ष जस्टिस एसएन प्रसाद ने झालसा सचिव को इस प्रकरण की निष्पक्ष और त्वरित जांच कराने का निर्देश दिया था। जस्टिस एसएन प्रसाद के आदेश के बाद रांची जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) के सचिव की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय जांच टीम का गठन किया गया, जो जांच के लिए होटवार जेल पहुंची थी। टीम ने पीड़िता से बयान लिया था।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *