धनबाद में फायरिंग-तोड़फोड़ में 3 घायल:अवैध कोयला कारोबार की शिकायत के बाद हमला, एक बुजुर्ग के पैर में लगी गोली




धनबाद के लोयाबाद थाना क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के बाद एक महिला नेत्री के समर्थकों पर हमला किया गया। बांसजोड़ा इलाके में हुई इस घटना में फायरिंग और तोड़फोड़ भी हुई, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। घायलों में एक व्यक्ति को गोली लगी है। जानकारी के मुताबिक, आजसू नेत्री रजनी देवी ने क्षेत्र में चल रहे अवैध कोयला कारोबार के संबंध में पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि इस शिकायत से नाराज कोयला कारोबारियों से जुड़े लोगों ने रजनी देवी के समर्थकों और स्थानीय निवासियों पर हमला कर दिया। मारपीट में दो अन्य लोग घायल हुए हमलावरों ने लाठी-डंडों से मारपीट की और इलाके में खड़ी आधा दर्जन से अधिक गाड़ियों में तोड़फोड़ की। घटना के दौरान कई राउंड फायरिंग भी की गई। गोलीबारी में 60 वर्षीय किसन रवानी के पैर में गोली लगी है। मारपीट में दो अन्य लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आजसू नेत्री रजनी देवी ने आरोप लगाया है कि अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ आवाज उठाने पर उन्हें और उनके समर्थकों को लगातार धमकियां मिल रही थीं। घायल हीरालाल महतो ने भी हमलावरों पर फायरिंग और मारपीट का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर लोयाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *