![]()
जगन्नाथपुर| अखिल भारतीय केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट संगठन द्वारा ई-फार्मेसी के माध्यम से ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में की गई बंदी का असर बुधवार को जगन्नाथपुर में भी देखने को मिला। संगठन के समर्थन में जगन्नाथपुर की सभी दवा दुकानें बंद रहीं। दवा व्यवसायियों ने ऑनलाइन दवा बिक्री का विरोध करते हुए कहा कि ई-फार्मेसी के बढ़ते प्रभाव से स्थानीय मेडिकल दुकानदारों का व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। साथ ही उचित जांच और चिकित्सकीय सलाह के दवाओं की ऑनलाइन उपलब्धता आम लोगों के स्वास्थ्य के लिए खतरा बन सकती है। बंदी के कारण दिनभर मरीजों एवं उनके परिजनों को दवाइयों के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ा। नोवामुंडी| दवा व्यवसायियों के शीर्ष संगठन ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एण्ड ड्रगिस्टस के आह्वान पर बुधवार को नोवामुंडी, बड़ाजामदा समेत सभी दवा दुकानें बंद रहीं। शहर की सभी दवा दुकानें बंद होने से मरीजों को काफ़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। टाटा मेन हॉस्पिटल में दूर-दराज ग्रामीण क्षेत्रों से आए मरीजों को डॉक्टर से चेकअप कराने के बाद दवा के लिए भटकना पड़ा। इस बंदी के कारण कई लोगों को बिना दवा के ही वापस लौटना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना था कि हार्ट व कैंसर पेशेंट तथा छोटे बच्चों के लिए दवा मिलना आवश्यक है। भास्कर न्यूज| चाईबासा पश्चिमी सिंहभूम केमिस्टस एण्ड ड्रगिस्टस एसोसिएशन, चाईबासा के आह्वान पर बुधवार को जिला के समस्त थोक एवं खुदरा व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद रख कर राष्ट्रीव्यापी हड़ताल का समर्थन किया। चाईबासा में संगठन द्वारा अग्रवाल मेडिकल स्टोर के समक्ष धरना दिया गया। आल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्टस एण्ड ड्रगिस्टस तथा झारखंड केमिस्टस एण्ड ड्रगिस्टस ऐसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में भारत बंद का आह्वान किया गया था। जिसके समर्थन में जिला संगठन द्वारा बंद बुलाया गया। पश्चिमी सिंहभूम केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन के सचिव रमेश खिरवाल ने बताया कि इंटरनेट के माध्यम से हो रही अवैध दवा बिक्री पर प्रतिबंध लगाने की मांग की गई। एसोसिएशन द्वारा विभिन्न धाराओं को हटाने की मांग कि गई थी। बंद के दौरान जनहित के लिए जीवन रक्षक दवाओं की आपूर्ति हेतु जिले में ब्लॉक स्तर पर औषधि निरीक्षक को मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया गया तथा सर्वोच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया। सभी शहरों में दवा विक्रेताओं ने एकजुट होकर अपना समर्थन दिया, साथ ही जिले की जनता ने पूरा सहयोग प्रदान किया। पश्चिमी सिंहभूम केमिस्ट एंड ड्रगिस्टस एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल द्वारा चाईबासा में उप विकास आयुक्त को ज्ञापन सौंपा गया। मौके पर झारखंड केमिस्ट एसोसिएशन के कोल्हान उपाध्यक्ष सह जिला सचिव रमेश खिरवाल, जिला अध्यक्ष सतीश ठक्कर, कोषाध्यक्ष रितेश मुंधडा, राजु सिन्हा, रवि बुधिया ,महबूब आलम, सुबरजीत गोस्वामी, खादीम हुसैन, राकेश शर्मा , कुणाल साव, रजत घोष, सुरेश अग्रवाल , विजय सिंह , विजय सुल्तानिया,अभिजीत गोस्वामी , शक्ति महतो, शकिल अख़्तर , नरेश गुप्ता ,अंकित साव, जान्डुका बानरा, दीपांकर सिन्हा ,बलदेव महतो शामिल थे।
Source link
ई-फार्मेसी के विरोध में जगन्नाथपुर की दवा दुकानें बंद











Leave a Reply