श्रम विभाग के हस्तक्षेप और प्रबंधन से वार्ता के बाद रांची नगर निगम कर्मियों की हड़ताल टली




श्रम विभाग के हस्तक्षेप, पत्राचार और नगर निगम प्रबंधन के साथ वार्ता के बाद रांची नगर निगम कर्मियों की 21 मई को प्रस्तावित हड़ताल फिलहाल स्थगित कर दी गई है। झारखंड नगर निकाय मजदूर यूनियन ने कहा कि यह कदम मजदूर हितों को ध्यान में रखते हुए बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए उठाया गया है और जिन बिंदुओं पर प्रारंभिक सहमति बनी है, उनके लागू होने के लिए प्रबंधन को सीमित समय दिया गया है। सहमति के तहत सभी सफाई कर्मियों को प्रति माह 200 रुपए धुलाई भत्ता देना तय हुआ, जिसका भुगतान 14 मई को हो चुका है। महिला श्रमिकों को 26 सप्ताह का सवेतन मातृत्व अवकाश मिलेगा। आठ राष्ट्रीय व उत्सव अवकाश दिए जाएंगे और अवकाश के दिन काम कराने पर वैकल्पिक छुट्टी मिलेगी। यूनियन के अध्यक्ष भवन सिंह ने कहा कि दिसंबर 2013 के बकाये समेत स्थायीकरण, बोनस और न्यूनतम मजदूरी बढ़ाने जैसी मांगों पर संघर्ष जारी रहेगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *