जामताड़ा में बिचाली लदे पिकअप वैन में लगी आग:जलती गाड़ी को ड्राइवर ने भीड़ वाली जगह से निकाला बाहर, बड़ा हादसा टला




जामताड़ा जिले के कर्माटांड़ स्थित गणपत चौक के पास गुरुवार को एक व्यस्त बाजार में बिचाली (पुआल) से लदे पिकअप वैन में भीषण आग लग गई। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और वाहन कुछ ही देर में धुएं के गुबार से घिर गया। हालांकि, चालक-खलासी और ग्रामीणों की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया। पिकअप वैन नाला-फतेहपुर क्षेत्र से बिचाली लेकर ईदगाह मोड़ की ओर जा रहा था। वाहन में क्षमता से अधिक बिचाली लदी हुई थी। कर्माटांड़ के गणपत चौक पहुंचते ही, ऊपर से गुजर रहे हाई वोल्टेज बिजली के तार से बिचाली सट गई। तार के संपर्क में आते ही जोरदार स्पार्किंग हुई और सूखी बिचाली में तुरंत आग लग गई। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलने लगी। घटना बाजार क्षेत्र में हुई, जिससे दुकानदारों और राहगीरों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इसी दौरान, चालक राजन गोराई और खलासी राकेश मंडल ने साहस दिखाते हुए जलती हुई गाड़ी को भीड़भाड़ वाले इलाके से बाहर निकाला। वे वाहन को टारपर गांव के पास एक खाली मैदान तक ले गए, जिससे आसपास की दुकानों और घरों को आग की चपेट में आने से बचाया जा सका। चालक राजन गोराई और खलासी राकेश मंडल क्रमशः बिंदा पत्थर थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर और सुंदरपुर गांव के निवासी हैं। घटना में दोनों पूरी तरह सुरक्षित बच गए। घटना की सूचना मिलते ही टारपर गांव के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीणों ने घरों से पानी की टंकियां और टुल्लू पंप मंगाकर लगातार पानी की बौछार की। कई लोगों ने जलती बिचाली को वाहन से नीचे गिराकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। काफी देर तक चले बचाव अभियान के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। पुलिस पदाधिकारी मुकेश भोक्ता ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही तत्काल बचाव कार्य शुरू किया गया तथा फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। हालांकि दमकल वाहन पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने मोटर पंप लगाकर आग पर काबू पा लिया। उन्होंने बताया कि घटना में वाहन पर लदी बिचाली पूरी तरह जलकर राख हो गई, जबकि पिकअप वैन भी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *