थाना दिवस में अंचलाधिकारी की देखरेख में हुआ कई विवादों का ऑन द स्पॉट निपटारा




भास्कर न्यूज | तेलो बोकारो एसपी के निर्देश पर गुरुवार को चंद्रपुरा थाना परिसर में दोपहर 12 से 3 बजे तक थाना दिवस का आयोजन किया गया। इसमें चंद्रपुरा अंचलाधिकारी सह बीडीओ ईश्वर दयाल महतो और थाना प्रभारी विक्रम कुमार ने संयुक्त रूप से ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का त्वरित निष्पादन किया। थाना दिवस में नर्रा, तेलो, चंद्रपुरा, कुरुम्बा, बंदियो, पपलो समेत आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। अधिकांश शिकायतें जमीन विवाद, बंटवारा, अतिक्रमण और आपसी कलह से संबंधित थीं। अधिकारियों ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर कागजातों की जांच की और कई पुराने विवादों का मौके पर ही समाधान कराया। अंचलाधिकारी सह बीडीओ ईश्वर दयाल महतो ने कहा कि एसपी बोकारो के निर्देश पर थाना दिवस का आयोजन सफल रहा। अधिकांश मामले जमीन के सीमांकन और आपसी बंटवारे से जुड़े थे। राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर तीन मामलों का निष्पादन मौके पर ही कर दिया गया। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि छोटे-छोटे विवादों के समाधान के लिए थाना दिवस का लाभ उठाएं। कोर्ट-कचहरी में समय और पैसा दोनों खर्च होते हैं, साथ ही रिश्तों में भी कड़वाहट बढ़ती है। थाना प्रभारी विक्रम कुमार ने कहा कि थाना दिवस का मुख्य उद्देश्य छोटे विवादों को कोर्ट-कचहरी तक पहुंचने से पहले थाना स्तर पर ही सुलझाना है, ताकि ग्रामीणों का समय और पैसा दोनों बच सके। उन्होंने कहा कि राजस्व से जुड़े मामलों में सीओ द्वारा तत्काल पहल कर समाधान किया गया, जिससे लोगों को राहत मिली।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *