हजारीबाग में राहुल दुबे गैंग का सदस्य गिरफ्तार:हथियार-कारतूस बरामद, बड़ी आपराधिक घटना की साजिश नाकाम




हजारीबाग पुलिस ने राहुल दुबे गैंग के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। लोहसिंघना थाना क्षेत्र से जियाउल रहमान उर्फ मोजम्मिल/मुजमील (25) को हथियार और जिंदा कारतूस के साथ पकड़ा गया। पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक घटना की साजिश को नाकाम करने का दावा किया है। एसपी को 22 मई की शाम करीब 6 बजे गुप्त सूचना मिली थी। इसमें बताया गया कि राहुल दुबे गैंग के सदस्य लोहसिंघना थाना क्षेत्र के ग्राम रोतरा में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए, एसपी के निर्देश पर बड़कागांव के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अमित आनंद (भा.पु.से.) के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। एसआईटी टीम ने तत्काल ग्राम रोतरा में नगर निगम डंपिंग यार्ड के पास छापेमारी की। पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे जियाउल रहमान को टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान, गिरफ्तार आरोपी ने स्वीकार किया कि वे बानादाग रेलवे साइडिंग में लेवी (रंगदारी) वसूलने और इलाके में दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग करने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने आरोपी के पास से एक लोडेड पिस्टल (मैगजीन सहित), दो जिंदा कारतूस, एक अतिरिक्त खाली मैगजीन, पांच खोखे और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। जियाउल रहमान का पुराना आपराधिक इतिहास है। वह पहले भी कटकमसांडी (पेलावल) थाना कांड संख्या 242/25 (एनडीपीएस एक्ट) और सदर (बड़ाबाजार) थाना कांड संख्या 368/24 के तहत जेल जा चुका है। पुलिस ने इस मामले में लोहसिंघना थाना कांड संख्या 57/26 दर्ज कर, भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *