पायल हत्याकांड: पीड़ित परिवार से मिले विधायक




भास्कर न्यूज |गिरिडीह जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिरसिया में हुई पायल कुमारी हत्याकांड की घटना को लेकर लोगों में लगातार आक्रोश देखा जा रहा है। डुमरी विधायक जयराम महतो शुक्रवार को सिरसिया गांव पहुंचे और मृतका पायल कुमारी के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को हरसंभव सहयोग और न्याय दिलाने का भरोसा दिया।जानकारी के अनुसार, 17 वर्षीय पायल कुमारी पिछले तीन दिनों से लापता थी। बुधवार सुबह उसका शव नगर थाना क्षेत्र के बरगंडा-पावर हाउस रोड स्थित सिरसिया पुल के समीप बरामद किया गया था। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी गई। घटना के बाद से ही लोग दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पीड़ित परिवार से बातचीत के दौरान विधायक जयराम महतो ने कहा कि यह बेहद दुखद और गंभीर घटना है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष, गहन और त्वरित जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके। साथ ही उन्होंने प्रशासन से मांग की कि दोषियों की जल्द पहचान कर उन्हें कड़ी सजा दिलाई जाए। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाना चाहिए और पीड़ित परिवार को न्याय मिलना ही चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस मामले को लेकर वे हर स्तर पर आवाज उठाएंगे और जरूरत पड़ने पर सरकार तथा प्रशासन के समक्ष भी मजबूती से बात रखेंगे। विधायक के गांव पहुंचने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग वहां एकत्र हो गए। लोगों ने घटना को लेकर गहरी नाराजगी जताई और प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की। इस दौरान जयराम महतो ने ग्रामीणों को शांत रहने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित कराने के लिए वे लगातार प्रयास करेंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *