भास्कर न्यूज | गिरिडीह मुफस्सिल थाना क्षेत्र के फुलची निवासी धिरेन राय की 50 वर्षीय पत्नी मीना देवी की मौत शुक्रवार को सदर अस्पताल में ब्लड की कमी के कारण हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया। मृतका के पति धिरेन राय ने बताया कि उनकी पत्नी की तबीयत 21 मई को अचानक बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुक्रवार को डॉक्टरों ने मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल एक यूनिट ब्लड की आवश्यकता बताई। परिजन के अनुसार, वे तुरंत ब्लड बैंक पहुंचे और एक यूनिट ब्लड उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। आरोप है कि ब्लड बैंक में मौजूद कर्मचारी शंभू कुमार ने ब्लड मैच कराने की प्रक्रिया का हवाला देते हुए करीब दो घंटे तक देरी कर दी, जिससे समय पर ब्लड नहीं मिल सका और मरीज की मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि यदि समय पर ब्लड उपलब्ध करा दिया जाता तो महिला की जान बचाई जा सकती थी। घटना के बाद अस्पताल परिसर में आक्रोश फैल गया और परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर सिविल सर्जन बी.बी. सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालते हुए परिजनों को समझाकर शांत कराया। सिविल सर्जन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ब्लड बैंक में कार्यरत शंभू कुमार को तत्काल प्रभाव से हटाने का निर्देश दिया। बताया जा रहा है कि वह आउटसोर्सिंग कंपनी के माध्यम से कार्यरत थे।
Source link
ब्लड की कमी से महिला की मौत, सदर अस्पताल में लोगों का हंगामा













Leave a Reply