![]()
भास्कर न्यूज | गिरिडीह भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे गिरिडीहवासियों को शुक्रवार दोपहर अचानक मौसम ने थोड़ी राहत दी। जिले का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था और सुबह से ही तेज धूप व गर्म हवाओं ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा था। पसीने वाली गर्मी के कारण लोग घरों से निकलने में भी परहेज कर रहे थे। इसी बीच दोपहर करीब 2 बजे अचानक आसमान में बादल छा गए और तेज आंधी के साथ लगभग 15 मिनट तक झमाझम बारिश हुई। बारिश होते ही मौसम सुहावना हो गया और लोगों ने राहत की सांस ली। शहर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी बारिश का असर देखने को मिला। कई जगह लोग घरों और दुकानों से बाहर निकलकर बारिश का आनंद लेते नजर आए। हालांकि मौसम विभाग ने साफ किया है कि यह राहत ज्यादा दिनों तक रहने वाली नहीं है। विभाग के अनुसार, आने वाले पांच दिनों तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। मई के अंत तक तेज गर्मी और उमस से लोगों को जूझना पड़ सकता है। सुबह से दोपहर तक तेज धूप और गर्म हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है। 28 मई तक आंधी और वज्रपात की आशंका,कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए मौसम विभाग ने राहत के साथ-साथ सतर्कता की भी चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार 23 मई से 28 मई के बीच दोपहर बाद मौसम अचानक करवट ले सकता है। इस दौरान तेज आंधी, बारिश और वज्रपात की आशंका जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक तेज गर्मी के बावजूद आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे, जिसके कारण दोपहर बाद मौसम अस्थिर हो सकता है। कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। ऐसे में खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े रहने से बचने की सलाह दी गई है।
Source link
जिले में 15 मिनट की बारिश से लोगों को मिली थोड़ी राहत














Leave a Reply