BJP कानपुर-बुन्देलखण्ड की बैठक:क्षेत्रिय अध्यक्ष प्रकाश पाल बोले- बूथ मजबूती के लिए हर महीनें होगी मीटिंग, नियमित मॉनिटरिंग भी होगी




कानपुर में भारतीय जनता पार्टी कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक रविवार को क्षेत्रीय कार्यालय नौबस्ता में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने की। इसमें क्षेत्रीय पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, संगठन पदाधिकारियों और मॉनिटरिंग टीम के सदस्यों ने हिस्सा लिया। बैठक में हाल ही में 3617 शक्ति केंद्रों पर हुई बैठकों की समीक्षा की गई। साथ ही आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों और बैठकों की नई कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया गया। हर महीने तय शेड्यूल पर होंगी बैठकें क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि भाजपा संगठन कार्यकर्ता आधारित संरचना और अनुशासन के साथ काम करता है। प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर अब हर महीने बैठकें तय कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया प्रथम सप्ताह में जिला कार्यसमिति और संगठनात्मक बैठकें होंगी। द्वितीय सप्ताह में मंडल स्तर की बैठकें आयोजित की जाएंगी। तृतीय और चतुर्थ सप्ताह में शक्ति केंद्र स्तर की बैठकें होंगी। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य बूथ स्तर तक संगठन को अधिक सक्रिय और मजबूत बनाना है। ‘मन की बात’ के बाद होगी बूथ समिति की बैठक प्रकाश पाल ने बताया कि प्रत्येक महीने के अंतिम रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम ‘मन की बात’ के प्रसारण के बाद बूथ समिति की बैठकें भी आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में संगठनात्मक गतिविधियों, जनसंपर्क अभियानों और केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं को लेकर चर्चा की जाएगी। मॉनिटरिंग टीम रखेगी नजर बैठक में तय किया गया कि सभी बैठकों की मॉनिटरिंग क्षेत्रीय मॉनिटरिंग टीम करेगी। बैठकों की नियमित रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को भेजी जाएगी। संगठन में पारदर्शिता, सक्रियता और समयबद्धता बनाए रखने के लिए हर स्तर पर जिम्मेदारियां तय की गई हैं। संगठन मजबूती पर हुआ मंथन बैठक में संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण और आगामी अभियानों को लेकर भी चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी और पूर्ण समर्पण के साथ काम करने का आह्वान किया। बैठक में अनीता गुप्ता, पवन प्रताप सिंह, मोहित सोनकर, आलोक शुक्ला, पवन पांडेय, अर्शी सुल्तान, विधि राजपाल, सचिन गौड़, सुनील शुक्ला, दिनेश मौर्य और लज्जाराम यादव सहित मॉनिटरिंग टीम के सदस्य मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *