![]()
मुज़फ्फरनगर। पश्चिम बंगाल के चर्चित चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में सीबीआई का शिकंजा अब और कसता नजर आ रहा है। कई दिनों से फरार चल रहे कथित शार्प शूटर राजकुमार सिंह को मुज़फ्फरनगर के छपार टोल प्लाजा पर बिछाए गए सीबीआई के जाल में फंसने के बाद अब कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे ट्रांजिट रिमांड पर भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि सीबीआई को इनपुट मिला था कि आरोपी हरिद्वार से गंगा स्नान कर परिवार के साथ वापस लौट रहा है और दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे स्थित छपार टोल प्लाजा से होकर गुजरेगा। इसके बाद सीबीआई के डीएसपी राजेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से पूरी प्लानिंग के साथ हाईवे पर जाल बिछाया। जैसे ही संदिग्ध कार टोल प्लाजा पर पहुंची, सीबीआई टीम ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से टोल प्लाजा पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आरोपी को हिरासत में लेने के बाद सीबीआई टीम उसे लेकर मुज़फ्फरनगर पहुंची और कानूनी प्रक्रिया के तहत कोर्ट में पेश किया। कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद अब एजेंसी आरोपी को अपने साथ ले जाकर गहन पूछताछ करेगी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजकुमार सिंह पुत्र त्रिभुवन नारायण सिंह निवासी बलिया के रूप में हुई है। जांच एजेंसियों के अनुसार वह हत्याकांड में शामिल गैंग का सक्रिय सदस्य और कथित शार्प शूटर है। सीबीआई अब यह जानने में जुटी है कि हत्या की पूरी साजिश कैसे रची गई, इसमें किन लोगों की भूमिका रही और वारदात के बाद आरोपियों को किसका संरक्षण मिला। सूत्रों की मानें तो पूछताछ के दौरान आरोपी से कई अहम जानकारियां मिलने की उम्मीद है। एजेंसी उसकी कॉल डिटेल, आर्थिक लेनदेन और नेटवर्क की भी गहराई से जांच कर रही है। माना जा रहा है कि इस गिरफ्तारी के बाद केस में कई नए नाम और बड़े खुलासे सामने आ सकते हैं।
Source link
CBI ने फिल्मी अंदाज में बिछाया था जाल:छपार टोल पर शिकंजे में फंसा पश्चिम बंगाल के चर्चित चंद्रनाथ रथ हत्याकांड का ‘शार्प शूटर’














Leave a Reply