गोंडा3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

गोंडा जिले में एक युवक सरयू नहर में नहाते समय डूब गया। घटना शनिवार शाम 4 बजे धानेपुर थाना क्षेत्र के बग्गी रोड स्थित सरयू नहर में हुई। 21 वर्षीय मोहम्मद कैफ भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए नहर में उतरा था।
मोहम्मद कैफ को पानी की गहराई का अंदाजा नहीं था और वह तैरना भी नहीं जानता था। डूबते समय उसने शोर मचाया, जिसे सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत सिंचाई विभाग के अधिकारियों को नहर का गेट बंद करने की सूचना दी और खुद ही नहर में सर्च अभियान शुरू कर दिया।

घटना के तीन घंटे बाद भी 21 वर्षीय मोहम्मद कैफ का कोई पता नहीं चल सका है। स्थानीय लोगों ने लगभग 2 किलोमीटर तक सर्च अभियान चलाया है। एसडीआरएफ टीम को भी सूचना दी गई थी, लेकिन खबर लिखे जाने तक टीम मौके पर नहीं पहुंची थी।

मोहम्मद कैफ धनौली गांव का रहने वाला था और धनौली बाजार में आलमगीर की फर्नीचर की दुकान पर काम करता था। वह दो भाइयों में बड़ा था और उसकी तीन बहनें हैं। परिवार के अनुसार, वह अपनी बहनों की शादी का मुख्य सहारा था और घर के कामों में भी हाथ बंटाता था।

इस घटना के बाद मोहम्मद कैफ की माता सगीर बानो का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पिता राजू हुसैन भी परेशान हैं। धानेपुर थाना अध्यक्ष अरविंद यादव ने बताया कि युवक नहाने के दौरान बह गया है। उसकी तलाश के लिए स्थानीय लोग अभियान चला रहे हैं और एसडीआरएफ टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।
















Leave a Reply