IIMT में MBA छात्रा की याद में शोकसभा आयोजित:छात्र नेताओं ने विश्वविद्यालय पर संवेदनहीनता का लगाया आरोप , 27 मई को कमिश्नरी का करेंगे घेराव




आईआईएमटी विश्वविद्यालय में एमबीए छात्रा अनु गुप्ता की मौत के बाद छात्रों ने शोकसभा आयोजित की। शोकसभा के दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यशैली को लेकर छात्रों और छात्र नेताओं ने नाराजगी जताई। आरोप लगाया गया कि एक छात्रा की मौत पर आयोजित शोकसभा के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने हॉल उपलब्ध कराने के बजाय वहां ताला बंद कर दिया और जिम्मेदार अधिकारी मौके से चले गए। छात्र नेताओं का कहना है कि जिस संस्थान में संवेदनाएं खत्म हो चुकी हों और शिक्षा केवल व्यापार बनकर रह गई हो, वहां छात्रों का भविष्य कैसे सुरक्षित हो सकता है। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन पर भ्रष्टाचार और असंवेदनशीलता के आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसे संस्थानों के खिलाफ व्यापक मुहिम चलाने की जरूरत है। शोकसभा में छात्र नेता शान मुहम्मद, छात्र नेता विजीत तालियान और किसान नेता पवन गुर्जर समेत बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे। सभी ने छात्रा को श्रद्धांजलि दी और मामले में कार्रवाई की मांग की। छात्र नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। इसी कड़ी में छात्रों ने 27 मई को कमिश्नरी कार्यालय पर प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।। उनका कहना है कि छात्रा को न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखेंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *