Indore UPSC Prelims Exam May 24


इंदौर7 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 रविवार 24 मई को इंदौर में आयोजित की जाएगी। परीक्षा शहर के 27 परीक्षा केंद्रों पर दो सत्रों में संपन्न होगी, जिसमें कुल 12,104 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

परीक्षा का पहला सत्र सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरा सत्र दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा। अभ्यर्थियों का प्रवेश परीक्षा शुरू होने से डेढ़ घंटे पहले प्रारंभ हो जाएगा। प्रथम सत्र के लिए सुबह 9 बजे और द्वितीय सत्र के लिए दोपहर 2 बजे प्रवेश पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। प्रशासन ने अभ्यर्थियों को समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी है, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

प्रवेश पत्र और मूल पहचान पत्र अनिवार्य

परीक्षा केंद्र में प्रवेश केवल आयोग द्वारा जारी ई-प्रवेश पत्र और मूल पहचान पत्र के आधार पर ही दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रवेश पत्र में उल्लिखित सभी निर्देशों का पालन करें।

मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर प्रतिबंध

परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, डिजिटल घड़ी, ब्लूटूथ डिवाइस, आईटी गैजेट्स तथा किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा लाइटर, माचिस, हैंडबैग और अन्य सामान भी अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा केंद्र पर कोई मूल्यवान वस्तु साथ लेकर न आएं। यदि कोई प्रतिबंधित सामान लाया जाता है, तो उसे सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी स्वयं अभ्यर्थी की होगी।

फेस ऑथेंटिकेशन से होगी पहचान

परीक्षा में सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए अभ्यर्थियों की फिजिकल जांच के बाद आयोग के मोबाइल एप के माध्यम से फेस ऑथेंटिकेशन किया जाएगा। पहचान सत्यापन के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जाएगा।

संभागायुक्त कार्यालय में बना कंट्रोल रूम

परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए संभागायुक्त कार्यालय इंदौर में विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। संघ लोक सेवा आयोग द्वारा शैली कनाश को प्रभारी परीक्षा अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं इंदौर संभागायुक्त को परीक्षा समन्वयक अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

प्रशासन ने किए विशेष इंतजाम

परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था, सुरक्षा, पेयजल और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग अलर्ट मोड पर रहेगा। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल और निगरानी व्यवस्था भी तैनात की गई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *