बड़ी संख्या में छात्रों को भर्ती कराया गया है।
जबलपुर में एनसीसी कैडेट्स के प्रशिक्षण शिविर में 50 से ज्यादा बच्चे बीमार हो गए। इनमें से 20 से अधिक छात्राएं और एक छात्र गंभीर रूप से बीमार हैं। 7 बच्चों को ICU में भर्ती कराया गया है।
.
मामला जिला मुख्यालय से करीब 18 किमी दूर डुमना रोड स्थित ट्रिपल आईटीडीएम परिसर का है। 44 डिग्री तापमान के चलते जिले में भीषण गर्मी और लू चल रही है। इस बीच जबलपुर समेत आसपास के जिलों से आए कैडेट्स प्रशिक्षण ले रहे हैं।
गुरुवार रात करीब 8 बच्चे बच्चों ने खाना खाया। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। कई बच्चों को चक्कर, उल्टी-दस्त और कमजोरी की शिकायत हुई तो आनन-फानन में सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। संभाग कमिश्नर ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। स्टूडेंट्स में चक्कर आना, उल्टी-दस्त, कमजोरी और हीट स्ट्रोक जैसे लक्षण पाए गए।

कई बच्चों को चक्कर, उल्टी-दस्त और कमजोरी की शिकायत के बाद अस्पताल लाया गया।
44 डिग्री तापमान में चल रहा था एनसीसी कैंप
एमपी आर्म्ड स्क्वाड्रन एनसीसी द्वारा 14 मई से ट्रिपल आईटीडीएम परिसर में 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर सीएटीसी-98 आयोजित किया जा रहा है। शिविर में जबलपुर, नरसिंहपुर, सिवनी, कटनी, छिंदवाड़ा, तेंदूखेड़ा, कटंगी और नुनसर सहित कई क्षेत्रों से करीब 450 कैडेट्स पहुंचे थे। आरोप है कि लगातार तेज धूप और भीषण गर्मी के बीच प्रशिक्षण जारी रखा गया, जिसके बाद बड़ी संख्या में बच्चे बीमार पड़ गए।
प्रशासन बोला- लू लगने की आशंका
कैडेट्स ने बताया कि शाम को खाने में पनीर की सब्जी दी गई थी, जिसके बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। हालांकि प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने शुरुआती जांच में भीषण गर्मी और लू को बच्चों के बीमार होने की मुख्य वजह बताया है। सीएमएचओ डॉ. नवीन कोठारी ने कहा कि सभी कैडेट्स को जरूरी चिकित्सा सुविधा दी जा रही है और अधिकांश की हालत सामान्य है।

शिविर में अलग-अलग जिलों से 450 कैडे्टस प्रशिक्षण ले रहे हैं।
अधिकारियों के सामने बोलने से डर रहे बच्चे
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम अस्पताल पहुंची। अधिकारियों ने बच्चों से जानकारी लेने की कोशिश की, लेकिन अधिकांश कैडेट्स डरे-सहमे नजर आए और खुलकर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हुए। संभाग कमिश्नर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के निर्देश दिए हैं।
पुलिस बोली- हर कैडेट पर नजर रखी जा रही
सीएसपी सोनू कुर्मी ने बताया कि एनसीसी कैडेट्स की तबीयत खराब होने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची थी। सभी बच्चों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। डॉक्टरों की टीम लगातार कैडेट्स की निगरानी कर रही है। पुलिस के मुताबिक फूड प्वाइजनिंग की आशंका से भी जांच की जा रही है।

बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टर की टीम उनके इलाज में जुटी है।
कैडेट्स बोले- भीषण गर्मी नहीं झेल पाए
तेंदूखेड़ा से आए एक कैडेट ने बताया कि जबलपुर की तेज गर्मी कई बच्चे सहन नहीं कर पाए, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई। बच्चों ने बताया कि शिविर सात दिन पहले शुरू हुआ था और लगातार धूप में प्रशिक्षण चल रहा था। कुछ कैडेट्स ने खाने के बाद तबीयत खराब होने की भी बात कही है।















Leave a Reply