JEE Main 2027: परीक्षा शहर चुनने के नियम बदले, अब स्थायी या वर्तमान पते वाले राज्य में मिलेगा विकल्प

पटना
 राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने जेईई मेन 2027 के लिए परीक्षा शहर चुनने के नियमों में बदलाव किया है। अब अभ्यर्थी अपने स्थायी पते या वर्तमान पते वाले राज्य में ही परीक्षा शहर चुन सकेंगे। इस बदलाव का सीधा असर आवेदन भरने वाले छात्रों पर पड़ेगा।
चार से कम शहर होने पर मिल सकता है दूसरे राज्य का विकल्प

यदि अभ्यर्थी के स्थायी और वर्तमान पते वाले राज्य में चार से कम परीक्षा शहर उपलब्ध हैं, तो प्रशासनिक सुविधा के आधार पर दूसरे राज्य के शहर चुनने का विकल्प दिया जा सकता है

विदेश में रहने वाले या विदेशी अभ्यर्थियों के लिए भी शहर का चयन उनके स्थायी और वर्तमान पते के आधार पर होगा।

विदेश में पता होने पर भी भारत का शहर चुनना अनिवार्य
एनटीए के अनुसार, जिन उम्मीदवारों का पता विदेश का है, उन्हें भी भारत में कम से कम एक परीक्षा शहर चुनना अनिवार्य होगा।

एजेंसी अभ्यर्थियों को उनकी पसंद का शहर देने का पूरा प्रयास करेगी, लेकिन प्रशासनिक या लॉजिस्टिक कारणों से किसी अन्य शहर में केंद्र आवंटित किया जा सकता है।

कम अभ्यर्थी होने पर शहरों को मर्ज कर सकेगा एनटीए
यदि किसी परीक्षा शहर में उम्मीदवारों की संख्या बहुत कम रहती है, तो एनटीए को शहरों को मर्ज करने का अधिकार होगा। परीक्षा केंद्र आवंटन पर एजेंसी का निर्णय अंतिम माना जाएगा। इस संबंध में किसी भी पत्राचार या अनुरोध को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

बिहार के 11 शहरों में होगी जेईई मेन की परीक्षा
बिहार में जेईई मेन 2027 के लिए पटना, आरा, औरंगाबाद, भागलपुर, बिहारशरीफ, दरभंगा, गयाजी, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, समस्तीपुर और सारण में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। अभ्यर्थियों को आवेदन के दौरान अपने लिए उपयुक्त शहर का चयन सावधानी से करना होगा।

औरंगाबाद सेंटर चुनते समय कोड BR 01 जरूर जांचें
आवेदन के दौरान बिहार और महाराष्ट्र के औरंगाबाद शहर को लेकर अभ्यर्थी अक्सर भ्रमित हो जाते हैं। बिहार के औरंगाबाद में परीक्षा केंद्र चुनने के लिए कोड BR 01 का चयन करना होगा।

आवेदन अंतिम रूप से जमा करने से पहले परीक्षा शहर का नाम और उसका कोड अच्छी तरह जांच लें, ताकि गलती की आशंका न रहे।

13 जनवरी से डाउनलोड होगा सेशन-1 का एडमिट कार्ड
जेईई मेन 2027 के तय कार्यक्रम के अनुसार, सेशन-1 का ई-प्रवेश पत्र 13 जनवरी 2027 से और सेशन-2 का एडमिट कार्ड 25 मार्च 2027 से आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर उपलब्ध होगा।

एनटीए ने अभ्यर्थियों को भविष्य की जरूरतों के लिए एडमिट कार्ड की कम से कम चार हार्ड कॉपी यानी प्रिंटआउट सुरक्षित रखने की सलाह दी है।

एडमिट कार्ड में दिए गए केंद्र और शिफ्ट पर ही मिलेगी एंट्री
अभ्यर्थियों को केवल एडमिट कार्ड में आवंटित परीक्षा केंद्र, तारीख और शिफ्ट के अनुसार ही परीक्षा में शामिल होने की अनुमति मिलेगी।

इसलिए उम्मीदवारों को प्रवेश पत्र डाउनलोड करने के बाद उस पर दर्ज सभी विवरण ध्यान से जांचने चाहिए और परीक्षा के दिन निर्धारित समय पर केंद्र पहुंचना चाहिए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *