Kanpur sp MLA Amitabh Bajpai oath woman suicide after marriage Top Ten News Video


नमस्कार, कानपुर की कल (सोमवार) की बड़ी खबरें…चकेरी के शिवकटरा इलाके में नवविवाहिता ने फांसी लगाकर जान दे दी। शादी के सिर्फ तीन महीने बाद कमरे में फंदे से लटकी मिली। परिजन बोले- चर्म रोग से वो तनाव में थी।

.

आनंदेश्वर मंदिर से परमट प्राथमिक विद्यालय तक सपा विधायक अमिताभ बाजपेई सिर पर ईंट और शिलापट रखकर नंगे पांव पैदल पहुंचे। करीब 500 मीटर लंबे रास्ते में कई जगह समर्थकों ने फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। स्कूल में 3 स्मार्ट क्लास रूम का शिलान्यास किया। फिर विधायक के बेटे ने उनके पैर धोए और जूते पहनाए। इसके बाद विधायक ने शपथ तोड़ी और कुर्ता पहना। कानपुर की ऐसी ही 10 बड़ी खबरों से गुजरने के लिए ऊपर वीडियो पर क्लिक करें…।

सिलसिलेवार 10 खबरें पढ़िए-

1- कानपुर पुलिस कमिश्नर ने ऑफिस घेरने वाले ITBP जवानों पर कार्रवाई के लिए लेटर लिखा; 2 अस्पतालों पर FIR

कानपुर में ITBP जवान की मां का हाथ काटने के मामले में सोमवार को मेडिकल जांच कमेटी की रिपोर्ट सामने आ गई है। रिपोर्ट में कृष्णा हॉस्पिटल और पारस हॉस्पिटल दोनों को दोषी पाया गया है। इसके बाद पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने दोनों अस्पतालों के खिलाफ FIR दर्ज करने के आदेश दिए हैं।

वहीं, 23 मई को बड़ी संख्या में ITBP जवानों ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय घेरा था। इस पर पुलिस कमिश्नर ने नाराजगी जताई है। उन्होंने ITBP के महानिदेशक को पत्र लिखकर जवानों के इस व्यवहार पर कार्रवाई की मांग की है। कहा कि फॉर्मेशन बनाकर खड़े होना अनुशासनहीनता का संकेत देता है और इससे गलत संदेश गया है। पढ़ें पूरी खबर…

2- बाइक टकराने पर बाप-बेटे की हत्या: ईंट-हेलमेट से पीटा, फिर चाकू मारे, VIDEO सामने आया

कानपुर में बाइक टकराने पर मनबढ़ों ने बीच सड़क पर बाप-बेटे की रविवार देर रात हत्या कर दी। इसका वीडियो भी सामने आया है। इसमें आरोपी पिता और उनके दो बेटों को भीड़ के सामने हेलमेट, लात-घूंसों और ईंट से पीटते दिखाई दे रहे हैं। बुरी तरह पीटने के बाद आरोपियों ने उन्हें चाकू मार दिया।

भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए एक आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। दो आरोपी मौके से फरार हो गए। सड़क पर लहूलुहान पड़े पिता और दो बेटों को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने पिता और एक बेटे को मृत घोषित कर दिया। एक की हालत गंभीर बनी हुई है। पढ़ें पूरी खबर…

3- सैलरी बढ़ाने को लेकर TIL फैक्ट्री के कर्मचारियों का प्रदर्शन: गेट पर धरना और नारेबाजी की

बिल्हौर के चौबेपुर स्थित थ्रेड इंडिया लिमिटेड (टीआईएल) में सोमवार सुबह कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि की मांग को लेकर फैक्ट्री गेट के बाहर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। बड़ी संख्या में महिला और पुरुष कर्मचारी कंपनी के मुख्य द्वार पर जमा हो गए, जिससे फैक्ट्री गेट से लेकर मुख्य सड़क तक जाम लग गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात सुचारु कराकर कर्मचारियों व प्रबंधन के बीच वार्ता शुरू करवाई। कर्मचारियों का आरोप है कि लंबे समय से उनके वेतन में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है, जबकि महंगाई लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कई बार प्रबंधन से वेतन वृद्धि की मांग की, लेकिन इस पर कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया। इसी के विरोध में कर्मचारियों ने यूनियन बनाकर सामूहिक आंदोलन शुरू करने का फैसला लिया है। पढ़ें पूरी खबर…

4- नौतपा के पहले दिन सीजन की सबसे गर्म रात, अगले 24 घंटे और मुश्किल भरे होंगे

कानपुर इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। सुबह से ही तेज धूप लोगों को झुलसा रही है और दोपहर होते-होते सड़कें तपने लग रही हैं। गर्म हवाओं के थपेड़ों ने लोगों का घरों से निकलना मुश्किल कर दिया है। रविवार से नौतपा की शुरुआत के साथ गर्मी और बढ़ी। मौसम विभाग के मुताबिक, 2 जून तक नौतपा के दौरान तापमान 45 डिग्री सेल्सियस पार पहुंच सकता है। वहीं, 28 मई तक लू का अलर्ट जारी किया गया है।

दिन के साथ अब रातें भी लोगों को राहत नहीं दे रहीं। बीती रात सीजन की सबसे गर्म रात रिकॉर्ड की गई। न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक रहा। उमस और गर्म हवाओं के कारण देर रात तक लोग पसीने से परेशान रहे। कई लोग छतों और घरों के बाहर गर्मी से राहत तलाशते नजर आए, लेकिन हवा में मौजूद तपिश के चलते रात में भी आराम नहीं मिल सका। पढ़ें पूरी खबर…

5- दामाद की पिटाई से आहत ससुर ने किया सुसाइड: पत्नी के सामने नदी में लगाई छलांग, 4 पर FIR

कानपुर में दामाद और उसके साथियों की पिटाई से आहत होकर एक चप्पल कारीगर ने पत्नी के सामने गंगा नदी में छलांग लगाकर जान दे दी। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी की तहरीर पर दामाद समेत चार लोगों के खिलाफ बेकनगंज थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।

मृतक की पत्नी नरगिस ने बताया कि उनकी बेटी खातून ने करीब 6 महीने पहले मोहल्ले के ही रहने वाले फिरोज से लव मैरिज की थी। इसके बाद से ही घरेलू विवाद शुरू हो गया था। परिजनों के अनुसार, आरोपी फिरोज अक्सर पत्नी के साथ मारपीट करता था, जिसका विरोध करने पर ससुर शकील अहमद और दामाद के बीच कहासुनी होती रहती थी। पढ़ें पूरी खबर…

6- SSC GD परीक्षा रद्द होने पर हंगामा: 399 सीटों की जगह 819 कैंडिडेट बुलाए, बैठने की जगह नहीं मिली

कानपुर में सोमवार को एसएससी जीडी परीक्षा देने पहुंचने अभ्यर्थियों को अव्यवस्था का सामना करना पड़ा। क्षमता से तीन गुना ज्यादा अभ्यर्थी बुला लिए गए। इससे वहां अफरा-तफरी हो गई। छात्र सड़क पर उतर कर हंगामा करने लगे। अव्यवस्था फैलने से परीक्षा को रद्द कर दिया गया। इससे छात्र भड़क गए। मामला महाराजपुर थाना क्षेत्र के पुरवामीर स्थित श्रीमती रामकली इकबाल बहादुर ऑनलाइन सेंटर का है।

यह घटना एसएससी जीडी की दूसरी पाली की परीक्षा के दौरान हुई। सेंटर पर 399 सीटों की क्षमता थी, लेकिन 819 अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए बुला लिया गया था। अव्यवस्था और अभ्यर्थियों के हंगामा करने की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस बल पहुंच गया। डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर छात्रों से बात की। पढ़ें पूरी खबर…

7- परेड बाजार हटाने की तैयारी पर भड़के व्यापारी: नगर निगम पहुंचे कारोबारी, बोले- 500 दुकानदारों की रोजी-रोटी पर संकट

कानपुर के परेड मैदान में लगने वाली बाजार को हटाने की तैयारी के विरोध में व्यापारियों का आंदोलन तेज हो गया है। सोमवार को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के बैनर तले बड़ी संख्या में व्यापारी नगर निगम मुख्यालय पहुंचे और कार्रवाई रोकने की मांग की।

व्यापारियों ने आरोप लगाया कि नगर निगम की कार्रवाई से करीब 500 दुकानदारों और उनके परिवारों की आजीविका प्रभावित होगी। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा के नेतृत्व में पहुंचे व्यापारियों ने नगर आयुक्त से मुलाकात करने की कोशिश की, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद व्यापारियों ने अपर नगर आयुक्त जगदीश यादव को ज्ञापन सौंपकर बाजार को न हटाने की मांग उठाई। पढ़ें पूरी खबर…

8- शादी के 3 महीने बाद फंदे से लटकी मिली नवविवाहिता, चर्म रोग से परेशान थी

कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के शिवकटरा इलाके में सोमवार दोपहर एक नवविवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शादी के महज तीन महीने बाद हुई इस घटना से परिवार में मातम छा गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतका की पहचान अंबेडकर नगर के टांडा निवासी मुन्नी लाल की बेटी अंजलि कन्नौजिया के रूप में हुई है। उसकी शादी 4 फरवरी को जगईपुरवा निवासी अमित कन्नौजिया से हुई थी। अमित एक निजी अस्पताल में सफाई कर्मी है। पढ़ें पूरी खबर…

9- पेट्रोल ₹101 और डीजल ₹95 पार पहुंचा: 11 दिन में 4 बार बढ़े दाम, लोगों बोले- अब बाइक चलाना भी मुश्किल

कानपुर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सोमवार को शहर में पेट्रोल ₹101.56 प्रति लीटर और डीजल ₹95.04 प्रति लीटर पहुंच गया। इसके बाद शहर के 319 पेट्रोल पंपों पर नए रेट लागू कर दिए गए।

सरकार ने 15 मई से 25 मई के बीच 11 दिनों में चार बार ईंधन के दाम बढ़ाए हैं। 15 मई को पेट्रोल और डीजल पर 3-3 रुपए की बढ़ोतरी हुई थी। इसके बाद 19 मई को दोनों ईंधनों पर 90-90 पैसे बढ़ाए गए। 23 मई को पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे महंगा हुआ। वहीं सोमवार को पेट्रोल में ₹2.61 और डीजल में ₹2.71 प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी गई। पढ़ें पूरी खबर…

10- सपा विधायक सिर पर ईंट रखकर नंगे पांव स्कूल पहुंचे: स्मार्ट क्लास रूम का शिलान्यास किया, 10 दिन बाद कुर्ता-जूते पहने

कानपुर में सपा विधायक अमिताभ बाजपेई सिर पर शिलापट रखकर आनंदेश्वर मंदिर से परमट प्राथमिक विद्यालय तक नंगे पैर पहुंचे। करीब 500 मीटर लंबे रास्ते में समर्थकों ने कई जगह फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। इस दौरान उनकी पत्नी वंदना बाजपेई भी साथ रहीं।

प्राथमिक विद्यालय पहुंचने के बाद विधायक ने भूमि पूजन और शिलान्यास किया। यहां विधायक निधि से तीन स्मार्ट क्लास रूम बनाए जाएंगे। ये वही शिलापट थी, जिसे पहले काकादेव स्थित आवास से वर्चुअल पूजन और शिलान्यास किया गया था। पढ़ें पूरी खबर…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *