Kanpur SP MLA Writes Letter in Blood


नमस्कार, कानपुर में कल (रविवार) की बड़ी खबरें… सपा विधायक अमिताभ बाजपेई ने मालरोड पर गणेश शंकर विद्यार्थी की प्रतिमा लगवाने को लेकर मोर्चा खोला। प्रतिमा लगवाने के लिए खून से लेटर लिखा। बोले- चप्पल दिखाने वाले पार्षद ने प्रतिमा छिपा रखी है।

.

रावतपुर में घर के अंदर चल रहे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ हुआ। पुलिस ने छापा मारकर एक युवती और 3 युवकों को पकड़ा। पड़ोसी बोले- मकान मालिक की शह पर धंधा चलाया जा रहा था। कानपुर की ऐसी ही 10 बड़ी खबरों से गुजरने के लिए ऊपर वीडियो पर क्लिक करें…।

सिलसिलेवार पढ़िए 10 खबरें

1- बागेश्वर धाम से लौट रहे 4 लोगों की मौत: हमीरपुर में कार ट्रक से भिड़ी; 3 मृतक कानपुर के रहने वाले थे

हमीरपुर में वैगनआर कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में कार ड्राइवर समेत 4 लोगों की मौत हो गई। सभी मध्यप्रदेश के छतरपुर में बाबा बागेश्वर धाम में दर्शन करने के बाद कानपुर लौट रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार के अंदर की सीट भी उखड़ गई। कार सवार 4 लोग कानपुर के नवाबगंज के रहने वाले थे। हादसा रविवार दोपहर मौदहा कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे- 34 पर छिरका गांव के पास हुआ।

पुलिस के मुताबिक, कार से 5 लोग सवार थे। कार ओवरटेक करते समय सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ गई। मौके पर ही नरेंद्र (55), राजकपूर (57), मीना (54) और ड्राइवर आयुष चौहान (25) की मौत हो गई। नरेंद्र की पत्नी रेखा (52) को गंभीर हालत में कानपुर रेफर कर दिया गया। चारों लोग जागेश्वर मंदिर के पास नवाबगंज कानपुर के रहने वाले थे, जबकि ड्राइवर आयुष लखनऊ का रहने वाला था। पढ़ें पूरी खबर…

2- दलित को जूते में पानी पिलाया, न्यूड करके पीटा-थूक चटवाया, राजपूतों ने मुर्गा बनाया, फिर आरोपियों ने खुद पर छिड़का गंगाजल

कानपुर में सरकारी हैंडपंप से पानी पी रहे दलित बिरादरी के नाबालिग लड़के को दबंगों ने पीट दिया। उसका आरोप है कि वहां रखी बाल्टी छूने से खफा होकर उसके कपड़े उतरवाकर उसे मुर्गा बनाया। उसके बाद उसकी पिटाई की। उसके बाद जूते में थूककर चटवाया। फिर उसमें पानी भर कर पिलाया। इसके बाद उस पर गंगाजल का छिड़काव किया। पीड़ित ने बताया कि राजपूतों के नल के पास पानी पी लिया, बस यही मेरी गलती थी। राजपूतों ने बेरहमी से पिटाई की।

बचाने के लिए आए उसके पिता को भी सभी ने मिलकर पीटा। इस पिटाई से नाबालिग का हाथ टूट गया। उसे पहले प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया। फिर उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने 4 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मामला सचेंडी थाना क्षेत्र के झखरा-संभरपुर गांव का है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है। पढ़ें पूरी खबर…

3- गंगा में डूब रही बहन को बचाने कूदा युवक, मौत: दो लोगों को गोताखोरों ने बचाया

कानपुर के शिवराजपुर थाना क्षेत्र स्थित सरैया घाट पर रविवार को गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गंगा में डूब रही महिला को बचाने के प्रयास में तीन लोग तेज धारा में बह गए। स्थानीय गोताखोरों और पुलिस की मदद से दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।

मृतक की पहचान रायपुरवा थाना क्षेत्र के कारवालों नगर, अफीम कोठी निवासी 24 वर्षीय राज चौरसिया के रूप में हुई है। राज इंटरमीडिएट का छात्र था और पिता दिनेश चौरसिया की निकिल पॉलिश की दुकान में हाथ बंटाता था। परिवार में मां सीमा चौरसिया, बड़ा भाई जय चौरसिया और भाभी यशी चौरसिया हैं। पढ़ें पूरी खबर…

4- नगर निगम ने सड़क पर पानी का छिड़काव करवाया, अगले 3 दिन लू चलेगी; तापमान 40 डिग्री पहुंचा

कानपुर शहर में सुबह से तेज धूप निकली हुई है। आसमान साफ है। सूरज के सख्त तेवर सुबह से ही झुलसाने लगे हैं। गर्मी से बचाव के लिए नगर निगम की ओर से वाटर स्प्रिंकलर से सड़कों पर छिड़काव कराया जा रहा है। तापमान 40 डिग्री जाने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञ बताते हैं कि दिन में लू चलेगी।

दिन भर सड़कों पर निकलने वाले लोग चेहरे को कपड़े, गमछे और अंगौछे से ढककर चलते नजर आए। तेज धूप का असर इतना ज्यादा रहा कि खड़ी गाड़ियों की सीटें भी तपने लगीं और लोगों को बैठने से पहले उन पर पानी डालकर ठंडा करना पड़ा। आने वाले तीन दिनों में लू चलने की संभावना है। पढ़ें पूरी खबर…

5- सपा विधायक ने खून से लेटर लिखा:कानपुर में गणेश शंकर विद्यार्थी की प्रतिमा को लेकर मोर्चा खोला, बोले- चप्पल दिखाने वाले पार्षद ने छिपा रखी

कानपुर में समाजवादी पार्टी के आर्यनगर विधायक अमिताभ बाजपेई ने रविवार को पंडित गणेश शंकर विद्यार्थी की प्रतिमा दोबारा स्थापित कराने को लेकर मोर्चा खोल दिया। माल रोड स्थित चबूतरे पर विधायक नंगे पैर और बिना शर्ट पहुंचे। अपने खून से पत्र लिखकर जिला प्रशासन, मेट्रो अधिकारियों और भाजपा पार्षद से सवाल किया कि आखिर प्रतिमा कहां है और कब तक लगाई जाएगी। मेट्रो स्टेशन निर्माण के दौरान प्रतिमा को हटाया गया था, लेकिन महीनों बाद भी उसे पुनः स्थापित नहीं किया जा सका है। विधायक ने कहा कि चबूतरा और शेड पूरी तरह तैयार हैं, फिर भी प्रतिमा नहीं लगाई जा रही है।

विधायक अमिताभ बाजपेई ने भाजपा पार्षद विकास जायसवाल पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वही व्यक्ति, जिसकी पहचान “हाथ में चप्पल और मुंह पर गाली” से है, प्रतिमा को अपने पास रखे हुए है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ प्रतिमा का नहीं, बल्कि कानपुर की अस्मिता, इतिहास और सम्मान का मामला है। विधायक के मुताबिक वह पहले भी जिलाधिकारी और एडीएम सिटी से मुलाकात कर चुके हैं तथा मेट्रो प्रशासन को ज्ञापन देकर एक माह में प्रतिमा लगाने का आश्वासन लिया गया था, लेकिन अब तक केवल ढांचा तैयार हुआ है और प्रतिमा नहीं लग सकी। पढ़ें पूरी खबर…

6- फिल्म ‘ऑपरेशन कुर्सी’ की शूटिंग, भोजपुरी एक्ट्रेस शिवानी सिंह बोलीं- गांव की राजनीति और टीचर की चुनौती दिखाई जाएगी

कानपुर के घाटमपुर तहसील क्षेत्र स्थित बरीपाल गांव इन दिनों भोजपुरी फिल्म ऑपरेशन कुर्सी की शूटिंग को लेकर चर्चा में है। गांव की गलियों, खेत-खलिहानों और देहाती माहौल के बीच पिछले एक सप्ताह से लगातार शूटिंग चल रही है। इसी दौरान फिल्म में स्कूल टीचर की भूमिका निभा रहीं भोजपुरी अभिनेत्री शिवानी सिंह ने दैनिक भास्कर से खास बातचीत में बताया कि फिल्म सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि गांव की राजनीति, शिक्षा व्यवस्था और सामाजिक चुनौतियों को सामने लाने का प्रयास है।

उन्होंने कहा कि उनका किरदार ऐसी महिला शिक्षिका का है, जो बच्चों को पढ़ाने के साथ गांव की समस्याओं और राजनीति में भी सक्रिय भूमिका निभाती है। शिवानी सिंह ने बताया कि फिल्म में पंचायत स्तर की राजनीति, सत्ता संघर्ष और ग्रामीण विकास की चुनौतियों को दिखाया जाएगा। अभिनेत्री ने बरीपाल गांव के प्राकृतिक माहौल और ग्रामीणों के सहयोग की भी तारीफ की। पढ़ें पूरी खबर…

7- नगर निगम कर्मियों की हड़ताल से 11 वार्डों में सफाई व्यवस्था ठप, आउटसोर्स कर्मी अब भी धरने पर डटे

कानपुर में नगर निगम के स्थायी कर्मचारियों और प्रशासन के बीच समझौता होने के बाद उनका प्रदर्शन समाप्त हो गया है, लेकिन आउटसोर्स कर्मियों का विरोध अभी जारी है। तीन दिनों से जारी हड़ताल के चलते ज़ोन-2 के 11 वार्डों में सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। सड़कों और मोहल्लों में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं दुर्गंध और गंदगी से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

धरने पर बैठे आउटसोर्स कर्मियों महेश कुमार, मोहम्मद रज़ा, रवि कुमार और मनोज ने बताया कि उन्होंने जनवरी में ही अपनी मांगें अधिकारियों के सामने रखी थीं। उस समय जल्द समाधान का आश्वासन देकर प्रदर्शन समाप्त करा दिया गया था, लेकिन पांच महीने बाद भी समस्याओं का निस्तारण नहीं हुआ। इसी के विरोध में 11 वार्डों के 150 से अधिक आउटसोर्स कर्मचारी ज़ोन-2 कार्यालय के बाहर धरना दे रहे हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें समय पर वेतन नहीं मिलता और वेतन मांगने पर नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है। पढ़ें पूरी खबर…

8- स्वरूपनगर के एनर्जी स्टोर में छापा, गंदगी मिलने पर नोटिस: तेल और शुद्धता पर संदेह, सैंपल भरे गए; कई घंटों तक रही टीम

कानपुर के स्वरूप नगर स्थित चर्चित एनर्जी स्टोर में खाद्य विभाग की टीम ने छापेमारी कर निरीक्षण किया। जांच के दौरान स्टोर में साफ-सफाई की स्थिति खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। टीम ने कई घंटे तक स्टोर में मौजूद खाद्य सामग्री, किचन एरिया और स्टोरेज की बारीकी से जांच की।

निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को साफ-सफाई में गंभीर कमियां मिलीं। इस पर स्टोर को इंप्रूवमेंट नोटिस जारी करने की संस्तुति की गई। साथ ही खाद्य तेल और अन्य उत्पादों की शुद्धता पर संदेह होने पर उनके सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेज दिए गए हैं। बताते चलें कि एनर्जी स्टोर में वेज व नानवेज दोनों उत्पाद मिलते हैं। पढ़ें पूरी खबर…

9- रावतपुर में मकान के अंदर सेक्स रैकेट पकड़ाया: युवती और 3 लड़के पकड़े गए, आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस का छापा

कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र में रविवार को एक मकान में कथित तौर पर चल रहे देह व्यापार का मामला सामने आया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने छापा मारकर एक युवती और तीन युवकों को हिरासत में लिया। पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है।

मामला केशव पुरम इलाके का है। यहां रहने वाले कारोबारी आर एम पाण्डेय ने बताया कि वह परिवार के साथ पनकी स्थित अपने दूसरे मकान में रहते हैं। करीब तीन महीने पहले उन्होंने अपना मकान दिनेश अग्निहोत्री नामक व्यक्ति को किराए पर दिया था। पढ़ें पूरी खबर…

10- परमट स्कूल शिलान्यास विवाद पर सांसद रमेश अवस्थी बोले- विकास और विवाद एक साथ नहीं हो सकता, राजनीति में व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं होनी चाहिए

कानपुर के परमट स्थित प्राथमिक विद्यालय के पुनर्निर्माण शिलान्यास को लेकर हुए विवाद पर रमेश अवस्थी ने कहा कि विद्यालय जैसे विकास कार्यों को राजनीति और विवाद से जोड़ना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने बताया कि विवाद की जानकारी मिलने के बाद वह शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होने नहीं गए। गौरतलब है कि 13 मई को स्कूल के शिलान्यास को लेकर सपा विधायक और भाजपा नेताओं के बीच विवाद की स्थिति बन गई थी, जबकि 14 मई को सांसद रमेश अवस्थी के नाम से भी कार्यक्रम के पोस्टर लगाए गए थे।

सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि कानपुर के विकास के लिए सभी दलों और जनप्रतिनिधियों को मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन व्यक्तिगत दुश्मनी और अभद्रता नहीं होनी चाहिए। सांसद के मुताबिक स्थानीय लोगों ने स्कूल में स्मार्ट क्लास बनाए जाने की मांग की थी, जिसके लिए उन्होंने सांसद निधि से धनराशि देने का फैसला किया था। हालांकि विवाद सामने आने के बाद उन्होंने खुद को कार्यक्रम से अलग कर लिया। सांसद ने बताया कि उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देश दिए हैं कि निर्माण स्थल पहले स्पष्ट रूप से चिन्हित किया जाए, उसके बाद ही विकास कार्य शुरू कराया जाए, क्योंकि विकास और विवाद एक साथ नहीं चल सकते। पढ़ें पूरी खबर…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *