भिलाई में बनेगी आधुनिक टाउनशिप, BSP मैनेजमेंट और यूनियन नेताओं में सहमति

भिलाई नगर.

सेक्टर 6 में एक नया सर्वसुविधायुक्त टाउनशिप और मॉल बनाने की योजना है। बोरिया गेट से चोपड़ा पेट्रोल पम्प तक चौड़ीकरण कर डिवाइडर बनाया जाएगा। हास्पिटल के कुछ विभागों को आउटसोर्सिंग में देकर बेहतर सुविधाएं दिलाने की कोशिश चल रही है।

रिटेंशनधारियों को आवास खाली करना होगा। यह गुरुवार को बीएसपी मैनेजमेंट व यूनियन नेताओं के बीच हुए ‘आपसी संवाद’ का निचोड़ है। एक लंबे अर्से बाद गुरुवार को बीएसपी मैनेजमेंट ने सभी यूनियन नेताओं को ‘आपसी संवाद’ के बहाने बुलाया। करीब दो घंटे तक चली चर्चा में यूनियन नेताओं ने कई मुद्दों और अपनी मांगों को रखा। अपनी चिंताएं स्पष्ट की। मैनेजमेंट की ओर से उपस्थित अफसरों ने उनकी बातों को ध्यान से सुना। इस दौरान मैनेजमेंट ने कुछ मुद्दों पर अपनी नीतियों को एक तरह से स्पष्ट कर दिया। यूनियन नेताओं के महत्वपूर्ण सुझावों को नोट भी किया। यूनियन नेताओं को बताया गया कि सेक्टर 6 में नया सर्वसुविधायुक्त टाउनशिप बनाया जाएगा। इसके लिए एनबीसीसी से कंसल्ट किया गया है। यहां कार्मिकों के लिए नए आवास बनेंगे। इसके लिए अनफिट ब्लाक के लीजधारियों को जल्द अपने आवास खाली करने के लिए कहा जा रहा है।

दो क्लबों का संचालन करने बनेगी समिति-
यूनियन नेताओं ने मांग की कि स्टील क्लब और भिलाई क्लब की तर्ज पर कर्मियों को भी सुविधा मिले। इस पर कहा गया कि सेक्टर 4 और सेक्टर 7 के इस्पात क्लब के लिए समितियों का पंजीयन कराने की प्रक्रिया की जाएगी।
यह समितियां संचालित करेंगी। इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए मैनेजमेंट मदद करेगा। सेवा में सभी यूनियनों से होंगे सदस्य- मैनेजमेंट की ओर से यह बताया गया कि स्टील एम्पलाइज वेलफेयर एसोसिएशन यानी सेवा में चार सदस्यों का पद खाली है। इसमें चार प्रमुख यूनियनों से एक-एक सदस्य रखे जाएंगे। इस पर यूनियन नेताओं ने अपनी सहमति दे दी।

यूनियन नेताओं ने इन मुद्दों का उठाया-
39 माह का बकाया एरियर, इंसेंटिव स्कीम में सुधार, यूनियन का मान्यता चुनाव, नया वेतन समझौता, प्रमोशन संबंधी दिक्कतें, सेक्टर 9 हास्पिटल में सुविधाओं का विस्तार, 650 वर्गफीट तक के आवास लाइसेंस पर मिले, सब्जेक्ट टू वैकेशन सिस्टम लागू हो। अफसरों ने मैनेजमेंट की ओर से की जा रही व्यवस्थाओं के बारे में बताया। बैठक में मैनेजमेंट की ओर से ईडी एचआर पवन कुमार, सीजीएम प्रशांत ओझा, जीएम अतुल नौटियाल, जीएम संजय द्विवेदी, जीएम राजीव कुमार, सुरजीत मलिक तथा यूनियनों की ओर से ईंटक, सीटू, एचएमएस, बीएमएस, एटक, लोईमू आदि के नेता उपस्थित थे।

सेवानिवृत्त रिटेंशनधारियों की सुविधा अस्थायी
मैनेजमेंट ने रिटेंशनधारियों के मुद्दे पर स्पष्ट कहा कि उन्हें पहले छह माह और बाद में इसे बढ़ाकर दो वर्ष रहने के लिए अस्थायी सुविधा दी गई थी। लेकिन कई लोगों का किराया बकाया है। अब मंत्रालय के दिशा निर्देश के आधार पर जर्जर आवासों को डिस्मेंटल करना है। रिटेंशन आवासों के मामले में अब और रियायत देना संभव नहीं है.

सेक्टर-9 हॉस्पिटल का नहीं होगा निजीकरण
यूनियन नेताओं ने आज सवाल उठाया कि क्या सेक्टर-9 हास्पिटल का निजीकरण किया जा रहा है? इस पर मैनेजमेंट की ओर से आज बताया गया कि सेक्टर 9 हास्पिटल का निजीकरण नहीं किया जाएगा। हास्पिटल के कुछ विभागों को आउटसोर्सिंग में देने के लिए पार्टियों को आमंत्रित किया गया था लेकिन अब तक उचित पार्टियां नहीं मिल पाई है। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने की दिशा में प्रयास जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *