वरुण कुमार शर्मा | मुजफ्फरनगर3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

मुज़फ्फरनगर के सिसौली स्थित डीएवी इंटर कॉलेज आलमपुर के छात्र अंश बालियान ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्हें अमेरिका की कैलिफोर्निया स्थित प्रतिष्ठित “यूनिवर्सिटी ऑफ पीपुल” में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कोर्स में दाखिला मिला है। इस खबर से पूरे इलाके में खुशी का माहौल है।
अंश बालियान ने यह मुकाम करीब 10 लाख 50 हजार विद्यार्थियों की कड़ी प्रतिस्पर्धा में सफलता प्राप्त कर हासिल किया है। ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर अमेरिका की यूनिवर्सिटी तक पहुंचना अंश को इलाके के युवाओं और छात्रों के लिए प्रेरणा बना रहा है।

उनकी इस सफलता पर सिसौली में एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें भारतीय किसान यूनियन के युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरव टिकैत भी शामिल हुए। कार्यक्रम में विद्यालय के सेवानिवृत्त शिक्षक जयपाल सिंह, नरेश पाल, विजेंद्र सिंह और किसान चिंतक कमल मित्तल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
विद्यालय परिवार की ओर से अंश बालियान को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर गौरव टिकैत ने विद्यालय के प्रधानाचार्य यतेंद्र कुमार धीर की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि स्कूल गांवों के बच्चों को बड़े सपने देखने और उन्हें सही दिशा देने का काम कर रहा है।

कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्रवक्ता मुकेश कुमार और आर.पी. पाण्डेय ने किया। सम्मान समारोह के बाद जश्न का माहौल बन गया। प्रधानाचार्य और शिक्षक साथियों की अगुवाई में ढोल-नगाड़ों के साथ अंश बालियान का जुलूस निकाला गया, जो मुख्य मार्गों से होते हुए उनके घर तक पहुंचा। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने फूल बरसाकर और मालाएं पहनाकर अंश का स्वागत किया।
ग्रामीणों का कहना है कि किसान परिवार से निकलकर अमेरिका में AI जैसी आधुनिक तकनीक की पढ़ाई के लिए चयन होना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। अंश की यह सफलता अब गांव के उन बच्चों के लिए उम्मीद बन गई है, जो संसाधनों की कमी के बावजूद बड़े सपने देखते हैं।
















Leave a Reply