गोपाल गिरि | लखीमपुर-खीरी2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

लखीमपुर खीरी पुलिस ने गाजियाबाद में हुई एटीएम वैन लूट के दो इनामी आरोपियों को नेपाल सीमा से गिरफ्तार किया है। इन पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने इनके कब्जे से लूटी गई नकदी, अवैध हथियार और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देश पर जिले में सघन बॉर्डर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी पलिया के निर्देशन में थाना सम्पूर्णानगर पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 25 मई की रात गोविंद नगर चौराहा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया कि गाजियाबाद एटीएम वैन लूट के आरोपी नेपाल से वापस भारत में प्रवेश करने वाले हैं। इस पर पुलिस टीम ने नेपाल सीमा की ओर जाने वाले मार्गों पर घेराबंदी की।
कुछ देर बाद दो संदिग्ध युवक नेपाल से पैदल आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों भागने लगे। हालांकि, टीम ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपनी पहचान सुहैब और फिरोज के रूप में बताई। उन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने 6 मई को गाजियाबाद हाईवे पर एटीएम वैन लूट की वारदात को अंजाम दिया था। लूट में करीब 25 लाख रुपये मिले थे, जिसमें से दोनों के हिस्से में ढाई-ढाई लाख रुपये आए थे।
वारदात के बाद दोनों नेपाल भाग गए थे। खर्च के बाद बचे रुपये लेकर वे बकरीद मनाने के लिए घर लौट रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो देशी तमंचे, पांच जिन्दा कारतूस, 1 लाख 2 हजार 400 रुपये नकद, नेपाल सिम लगा मोबाइल फोन और खरीद की रसीद बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुहैब पुत्र हाजी तौसीन निवासी विजयनगर और फिरोज पुत्र खलील अहमद निवासी प्रताप विहार, थाना विजयनगर, जिला गाजियाबाद के रूप में हुई है। दोनों आरोपी गाजियाबाद के थाना क्रासिंग रिपब्लिक में दर्ज एटीएम वैन लूट मामले में वांछित थे और उन पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।

















Leave a Reply