NH-43 पर ट्रक ने युवक को कुचला, मौत:कई वाहनों को टक्कर मारी, मुआवजे की मांग पर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन




राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर शुक्रवार रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। जशपुर से झारखंड जा रहा सब्जी से लदा तेज रफ्तार ट्रक लोदाम मस्जिद के सामने अनियंत्रित होकर कई वाहनों को टक्कर मारते हुए एक घर में जा घुसा। हादसे में चंद्र कुमार राम नामक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, ट्रक जशपुर की ओर से झारखंड जा रहा था। लोदाम मस्जिद के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। सबसे पहले ट्रक सड़क किनारे लगे बिजली खंभे से टकराया। इसके बाद सड़क पर चल रहे युवक चंद्र कुमार राम को अपनी चपेट में ले लिया। युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। बेकाबू ट्रक आगे बढ़ते हुए दो बाइकों और एक ट्रैक्टर से टकरा गया। इसके बाद सड़क किनारे स्थित पूर्व सरपंच के घर में जा घुसा। हादसे में कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना इतनी भयावह थी कि युवक का शव दो हिस्सों में बंट गया। एंबुलेंस देर से पहुंचने पर ग्रामीणों का गुस्सा घटना के बाद स्थानीय लोगों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों का आरोप था कि हादसे के बाद समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंची, जिससे नाराजगी बढ़ गई। आक्रोशित भीड़ ने राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर चक्का जाम कर दिया। इस दौरान कुछ वाहनों में तोड़फोड़ भी की गई। हाईवे पर लगा लंबा जाम चक्काजाम की वजह से हाईवे के दोनों ओर बसों, ट्रकों समेत अन्य वाहनों की करीब एक किलोमीटर लंबी कतार लग गई। प्रदर्शन कर रहे लोग मृतक के परिजनों को तत्काल मुआवजा देने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे। देर रात खुला जाम घटना की सूचना मिलते ही एएसपी राकेश कुमार पाटनवार और एसडीओपी चंद्रशेखर परमा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने देर रात तक ग्रामीणों और परिजनों को समझाइश दी। करीब दो घंटे से ज्यादा समय तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद रात लगभग 2 बजे जाम खुल सका। इसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हुआ। पुलिस बोली- वाहन जब्त, जांच जारी एएसपी राकेश कुमार पाटनवार ने बताया कि तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें एक युवक की मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया और कुछ समय के लिए हाईवे जाम रहा। पुलिस लगातार लोगों को समझाती रही, जिसके बाद देर रात जाम खुलवाकर यातायात बहाल कराया गया। मामले की जांच जारी है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *