![]()
प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों से पेट्रोल और डीजल का कम इस्तेमाल करने की अपील की है। इस अपील का गोरखपुर में कितना असर दिख रहा है, इसे जानने के लिए दैनिक भास्कर की टीम शहर के अलग-अलग पेट्रोल पंपों पर पहुंची। पड़ताल में सामने आया कि फिलहाल लोगों की दिनचर्या पर इसका कोई खास असर नहीं पड़ा है। पेट्रोल पंपों पर पहले की तरह ही भीड़ दिखाई दी और लोग रोज की तरह अपने वाहनों में तेल भरवाते नजर आए। ट्रांसपोर्ट नगर के पेट्रोल पंप पर सुबह से लगी भीड़ गोरखपुर के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित भारत पेट्रोलियम पेट्रोल पंप पर सुबह से ही वाहनों की कतार लगनी शुरू हो गई थी। बाइक, कार और अन्य वाहनों से पहुंचे लोग अपनी बारी का इंतजार करते दिखाई दिए। दैनिक भास्कर से बात करते हुए पादरी बाजार से पहुंचे एक युवक ने बताया, “मेरे तरफ पेट्रोल नहीं था। वहाँ जाने पर लोग बोल रहे तेल नहीं मिलेगा आज। मैं आज इधर ट्रांसपोर्ट नगर में काम करने आया था। तो यही मै भरा लिया हूं।” “प्रधानमंत्री की बात मानें तो नौकरी कैसे करेंगे” पेट्रोल पंप पर मौजूद मनोज कुमार ने कहा कि आम लोगों के लिए पेट्रोल का इस्तेमाल कम करना आसान नहीं है। उन्होंने बताया, “प्रधानमंत्री के आग्रह का पालन करेंगे तो ड्यूटी कैसे जाएंगे। कंपनी वर्क फ्रॉम होम देगी नहीं। तो घर से ऑफिस और उसके बाद फील्ड में जाने के लिए गाड़ी से जाना तो पड़ेगा न।” उनका कहना था कि नौकरी और रोजमर्रा की जरूरतों के चलते लोग चाहकर भी वाहन का इस्तेमाल कम नहीं कर पा रहे हैं। पहले नेता खुद पालन करें वहीं अनिल दुबे ने नेताओं पर सवाल उठाते हुए कहा- “नेता लोग खुद ही इस बात को अपनाए उसके बाद दूसरों को बताए। प्रधानमंत्री तो खुद आवाहन कर रहे हैं लेकिन उनके नेता खुद कई गाड़ी लेकर निकल रहे हैं।” उन्होंने आगे कहा,“ऐसे देश का विकास होगा।” “जरूरत हो तभी निकलें नेता” पेट्रोल पंप पर मौजूद कार्तिक मिश्रा ने भी नेताओं के काफिलों पर टिप्पणी की। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री जी की जो अपील थी उसको फॉलो करने के लिए सबसे पहले तो हमारे नेताओं को समझना चाहिए कि जब जरूरत हो तभी निकल और सीमित संख्या में निकले। बड़े से बड़े नेता हो चाहे निचले स्तर का छोटा प्रधान सब दो चार पांच 10 गाड़ी के काफिले के साथ अपने क्षेत्र में निकलते हैं।” पेट्रोल पंप मालिक बोले- अभी भीड़ पहले जैसी ही इस पूरे मामले में ट्रांसपोर्ट नगर स्थित गंगा ऑटोमोबाइल के मालिक गंगासागर राय ने बताया कि फिलहाल बिक्री पर कोई खास असर नहीं दिख रहा है। उन्होंने कहा,
“लोगों की भीड़ पिछले दिनों जैसी ही है। लग्न का सीजन चल रहा है माना जा रहा है कि 15 मई के बाद भीड़ में थोड़ी कटौती हो सकती है।” शहर के दूसरे पेट्रोल पंपों पर भी लगी रही लाइन सिर्फ ट्रांसपोर्ट नगर ही नहीं, बल्कि गोरखपुर के बेतियाहाता स्थित पेट्रोल पंप पर भी लोगों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। वहीं शहर के बीचों-बीच टाउन हॉल स्थित भारत पेट्रोलियम पेट्रोल पंप पर लोग करीब आधे घंटे तक लाइन में लगकर तेल भरवाते नजर आए। प्रधानमंत्री की अपील के बावजूद गोरखपुर में फिलहाल पेट्रोल और डीजल की खपत पर कोई बड़ा असर दिखाई नहीं दे रहा है। लोग अपनी जरूरत और कामकाज के चलते पहले की तरह ही वाहनों का इस्तेमाल कर रहे हैं।
Source link
PM मोदी की अपील गोरखपुर में रही बेअसर!:लोग बोले- हम ड्यूटी कैसे जाएंगे, पहले नेता खुद मानें नियम
















Leave a Reply