प्रयागराज3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

प्रयागराज में भीषण गर्मी और तेज धूप ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बुधवार सुबह से ही चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के कारण हालात गंभीर बने हुए हैं। तेज गर्मी और उमस की वजह से लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
प्रयागराज प्रदेश के सबसे गर्म जिलों में दूसरे स्थान पर बना हुआ है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए हीट वेव का अलर्ट जारी करते हुए लोगों को जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। पिछले दो दिनों से शहर का अधिकतम तापमान 46°C के आसपास बना हुआ है, जबकि बुधवार को तापमान 46.4°C तक पहुंचने का अनुमान जताया गया है।

भीषण गर्मी का असर शहर की सड़कों पर साफ दिखाई दे रहा है। दोपहर के समय सड़कें लगभग सूनी नजर आ रही हैं। जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोग गमछा, टोपी और छाते का सहारा लेते दिखाई दिए। वहीं स्कूल और कोचिंग जाने वाले छात्र भी तेज धूप से परेशान नजर आए। कई छात्र गमछा बांधकर तो कुछ किताबों से चेहरा ढंककर धूप से बचाव करते दिखे। गर्मी का असर अब जानवरों पर भी पड़ रहा है।

प्रयागराज पुलिस लाइन स्थित घोड़ों के अस्तबल में गर्मी से राहत देने के लिए कूलर और पंखों की व्यवस्था की गई है। साथ ही घोड़ों को सुबह और शाम नहलाया जा रहा है।
बिजली कटौती से परेशान शहर
वहीं इस भीषण गर्मी में बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। शहर के कई इलाकों में रात के समय लगातार बिजली कटौती हो रही है। सबसे ज्यादा परेशानी तेलियरगंज, गोविंदपुर, सलोरी, कैलाशपुरी, राजापुर और म्योराबाद इलाके के लोगों को झेलनी पड़ रही है।

बिजली कटौती से परेशान लोग पहुंचे गोविंदपुर पॉवर हाउस।
गोविंदपुर और तेलियरगंज में देर रात तक बिजली गुल रहने से नाराज लोग पावर हाउस पहुंच गए और बिजली कटौती के खिलाफ विरोध करते रहे। गर्मी और बिजली संकट के चलते लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
जिला प्रशासन ने एडवाइजरी जारी की
प्रयागराज में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव को देखते हुए जिला प्रशासन ने एडवाइजरी जारी की है। जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से लोगों को दोपहर में धूप में बाहर निकलने से बचने, अधिक पानी पीने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

जिला प्रशासन ने एडवाइजरी जारी की
प्रशासन ने कहा है कि तापमान 46°C तक पहुंचने की संभावना के कारण लू का खतरा बढ़ गया है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और बाहर काम करने वाले लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों से सिर ढंककर निकलने, छाछ, लस्सी और नींबू पानी जैसे पेय पदार्थों का सेवन करने तथा लंबे समय तक धूप में न रहने की अपील की गई है।
मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय धूप में बाहर निकलने से बचने, ज्यादा से ज्यादा पानी पीने और जरूरी होने पर ही घर से निकलने की सलाह दी है।
गर्मी से कैसे बचें, ग्राफिक से समझिए

















Leave a Reply