पंजाब में पराली जलाने पर सख्ती, 7 जिलों के अधिकारियों को नोटिस जारी

चंडीगढ़.

केंद्र के वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने रविवार को पंजाब के 7 जिलों के अधिकारियों को पराली जलाने की बढ़ती घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सख्त निगरानी रखने और कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। ये निर्देश CAQM के सदस्य सचिव तरुण पीठोड़े की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक के दौरान दिए गए।

बैठक में फरीदकोट, फिरोजपुर, बरनाला, बठिंडा, पटियाला, मालेरकोटला और संगरूर के जिला मजिस्ट्रेट और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शामिल हुए। CAQM ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि सदस्य सचिव तरुण पीठोड़े ने पंजाब में पराली जलाने की हालिया घटनाओं में बढ़ोतरी को देखते हुए समीक्षा बैठक की।
बैठक में अधिकारियों की ओर से की गई कार्रवाई और पराली प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की गई।

आयोग ने कहा कि अधिकारियों को फसल अवशेषों के प्रबंधन के लिए मशीनों की प्रभावी तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके अलावा अधिकारियों को किसानों के बीच जागरूकता अभियान तेज करने और पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिसकर्मियों सहित प्रशासनिक कर्मचारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *