मनु कुमार सिंह | प्रतापगढ़5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

प्रतापगढ़ में बुधवार शाम आए तेज आंधी-तूफान ने रेलवे संचालन को प्रभावित कर दिया। मानिकपुर थाना क्षेत्र में रेलवे विद्युत तार पर पेड़ की डाल गिरने से शॉर्ट सर्किट हो गया। इसके चलते वंदे भारत ट्रेन करीब डेढ़ घंटे तक रास्ते में खड़ी रही।
घटना मानिकपुर रेलवे स्टेशन के पूर्वी छोर पर स्थित बड़गौ गांव के पास हुई। तेज हवाओं और ओलावृष्टि के दौरान पेड़ की एक बड़ी डाल रेलवे के विद्युत तार पर गिर गई, जिससे बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। इसी दौरान प्रयागराज की ओर से आ रही वंदे भारत ट्रेन को शाम करीब 4 बजे रोकना पड़ा। ट्रेन करीब एक घंटा 15 मिनट तक प्रभावित रही।


अचानक बदला मौसम, कई जगह गिरे पेड़
जानकारी के अनुसार, शाम करीब 3:30 बजे अचानक मौसम बदल गया। तेज आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि शुरू हो गई। जिले के कई इलाकों में पेड़ उखड़ने और डालियां टूटने की घटनाएं सामने आईं। गेटमैन सूर्य प्रकाश ने बताया कि विद्युत आपूर्ति बाधित होने के कारण ट्रेन को रोका गया था।

सप्लाई बहाल होने के बाद रवाना हुई ट्रेन
सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद विद्युत आपूर्ति बहाल की गई। इसके बाद वंदे भारत ट्रेन शाम 5:15 बजे अपने गंतव्य के लिए रवाना हो सकी। घटना के दौरान रेलवे ट्रैक के आसपास कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। हालांकि, राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। रेलवे विभाग की तत्परता से संचालन जल्द सामान्य कर लिया गया।















Leave a Reply