उपायुक्त ने दवा वितरण में गड़बड़ी पाई, फार्मेसी प्रभारी का वेतन रोका




रांची उपायुक्त मंजूनाथ भज‍ंत्री शुक्रवार को अचानक सदर अस्पताल पहुंचे और व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल की फार्मेसी, वार्ड, इमरजेंसी, किचन और अन्य विभागों में कई गंभीर खामियां सामने आईं। सबसे ज्यादा दवा वितरण में अव्यवस्था दिखी, जहां मरीजों को उपलब्ध दवाएं भी नहीं दी जा रही थीं। मामले को गंभीर मानते हुए उपायुक्त ने फार्मेसी प्रभारी को शो-कॉज नोटिस जारी करने और अगले आदेश तक वेतन रोकने का निर्देश दिया। दरअसल, अस्पताल परिसर में प्रवेश करते ही एक मरीज के परिजन ने उपायुक्त को रोक कर शिकायत की कि डॉक्टरों द्वारा लिखी दवाएं डिस्पेंसरी से नहीं मिलती हैं। इसके बाद उपायुक्त खुद मरीज की पर्ची लेकर फार्मेसी पहुंचे। जांच में यह सामने आया कि कई दवाएं स्टॉक में मौजूद थीं, लेकिन मरीजों को नहीं दी जा रही थीं। इस पर उपायुक्त ने अस्पताल प्रबंधन और फार्मेसी संचालकों को जम कर फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी अस्पताल में मरीजों को मुफ्त दवा उपलब्ध कराना प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्था में तत्काल सुधार लाने का निर्देश दिया। किचन में मिली गंदगी, केयर टेकर को शो-कॉज करने का निर्देश
सदर अस्पताल के किचन निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं पाई गई। कई जगहों पर अव्यवस्था और गंदगी मिलने पर उपायुक्त ने सिविल सर्जन को संबंधित केयर टेकर को शो-कॉज करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों को स्वच्छ, पौष्टिक और गुणवत्ता पूर्ण भोजन मिलना चाहिए। किचन को पूरी तरह साफ-सुथरा और व्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए गए। वार्ड और इमरजेंसी में सुधार लाने और मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने पर जोर निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने वार्ड, इमरजेंसी और अन्य विभागों की भी स्थिति देखी। अस्पताल प्रबंधन को मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उपायुक्त ने कहा कि सदर अस्पताल रांची जिले का प्रमुख सरकारी स्वास्थ्य केंद्र है, इसलिए यहां आए मरीजों को बेहतर इलाज और सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने अस्पताल कर्मियों को चेतावनी दी कि जनसेवा में किसी भी तरह की लापरवाही या अनियमितता सामने आने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *