भास्कर न्यूज|लोहरदगा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (पीएमएमवीवाई) के प्रभावी क्रियान्वयन एवं योजना से जुड़ी प्रक्रियाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला स्तरीय टीओटी (ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स) प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण जिला समाज कल्याण विभाग लोहरदगा एवं आईपीई ग्लोबल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ), महिला पर्यवेक्षिकाएं तथा संबंधित कर्मियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के संचालन, पोर्टल प्रविष्टि, आवेदन प्रक्रिया, लाभुक स्वीकृति, भुगतान प्रक्रिया व अन्य तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान करना था, ताकि प्रखंड एवं आंगनवाड़ी स्तर पर योजना का सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जा सके। प्रशिक्षण के दौरान लंबित मामलों के निष्पादन, लाभुक पंजीकरण, लंबित लाभुक मामलों, एफआरएस, फेस ऑथेंटिकेशन, त्रुटियों के सुधार, आधार सीडिंग, डीबीटी इनेबल, एनपीसीआई मैपिंग और विभिन्न तकनीकी समस्याओं के समाधान से संबंधित प्रक्रियाओं पर विशेष रूप से चर्चा की गई। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि प्रथम एएनसी जांच के एक सप्ताह के भीतर लाभुकों का पंजीकरण एवं आवश्यक प्रक्रियाएं पूर्ण कर ली जाएं, ताकि पात्र महिलाओं को समय पर लाभ मिल सके। मास्टर ट्रेनरों द्वारा योजना के विभिन्न मॉड्यूल पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई तथा प्रतिभागियों की समस्याओं एवं प्रश्नों का समाधान भी किया गया। कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी आलोका कुमारी चौधरी, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिकाएं एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे। वहीं आईपीई की ओर से अनूप समीर केरकेट्टा ने भी प्रशिक्षण में सहभागिता की। इस अवसर पर जानकारी दी गई कि जिला स्तरीय प्रशिक्षण के बाद प्रखंड स्तर पर भी इसी प्रकार का प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा, ताकि आंगनवाड़ी सेविकाओं व संबंधित कर्मियों को योजना की सभी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जा सके। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने सभी प्रतिभागियों से अपील की कि वे प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को जमीनी स्तर तक पहुंचाएं और आंगनवाड़ी सेविकाओं को प्रशिक्षित करें, ताकि पात्र लाभुकों को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ समय पर एवं पारदर्शी तरीके से मिल सके। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम योजना के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
Source link
एनपीसीआई मैपिंग और तकनीकी समस्याओं के समाधान की प्रक्रियाओं पर की गई चर्चा










Leave a Reply