एसडीएम ने देर रात चलाया अभियान



भास्कर न्यूज | गढ़वा अवैध बालू परिवहन और उससे बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) संजय कुमार ने मंगलवार देर रात स्वयं क्षेत्र में उतरकर औचक गश्ती अभियान चलाया। इस दौरान अवैध बालू परिवहन में शामिल तीन ट्रैक्टरों को पकड़ लिया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, पकड़े गए ट्रैक्टरों में एक ट्रैक्टर बालू लदा हुआ था, जो पतरिया डुमरिया निवासी मुकेश तिवारी का बताया गया है। वहीं अन्य दो ट्रैक्टर छतरपुर निवासी सुनील जायसवाल और मनीष पांडेय के बताए जा रहे हैं। एसडीएम ने बताया कि पहले ट्रैक्टर को बालू लदा हुआ रंगे हाथ पकड़ा गया। एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि तीनों लोग पहले भी बालू चोरी के मामलों में दोषी पाए जा चुके हैं। कई बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद वे अवैध गतिविधियों से बाज नहीं आ रहे थे। उन्होंने कहा कि इनका कृत्य न केवल अवैध खनन को बढ़ावा देता है, बल्कि सड़क सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के लिए भी गंभीर खतरा बन गया है। इसी को देखते हुए तीनों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 110 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह सिर्फ अवैध खनन का मामला नहीं, बल्कि गंभीर विधि-व्यवस्था और सड़क सुरक्षा से जुड़ा विषय है। प्रशासन इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा। एसडीएम ने खनन पदाधिकारी और खनन निरीक्षक को नियमित छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया है। साथ ही आवश्यक होने पर दंडाधिकारी और पुलिस बल उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया है। जुर्माना जमा नहीं किए तो होगी ट्रैक्टर की नीलामी एसडीएम ने बताया कि संबंधित ट्रैक्टर मालिकों पर नियमानुसार जुर्माना लगाया जाएगा। यदि जुर्माना जमा नहीं किया गया तो नीलामपत्रवाद जैसी कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। एसडीएम ने कहा कि फोर लेन बाईपास पर रातभर तेज रफ्तार से बालू लदे ट्रैक्टरों के आवागमन से आम लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित टोल प्लाजा से पिछले चार रातों की सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है, ताकि अवैध परिवहन में शामिल अन्य वाहनों और पूरे नेटवर्क की पहचान की जा सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *