ऑनलाइन बिक्री और नकली दवाओं के विरोध में 20 मई को गढ़वा में दवा दुकानें बंद रहेंगी



भास्कर न्यूज | गढ़वा ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एवं झारखंड केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के संयुक्त निर्देश पर गढ़वा जिले की सभी दवा दुकानें 20 मई को बंद रहेंगी। गढ़वा केमिस्ट एसोसिएशन ने ऑनलाइन दवा बिक्री, कॉर्पोरेट कंपनियों द्वारा भारी छूट और बाजार में बढ़ रही नकली दवाओं के विरोध में प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल में शामिल होने की घोषणा की है। इस निर्णय के बाद जिले की तमाम दवा दुकानें एक दिन के लिए पूरी तरह बंद रहेंगी। एसोसिएशन के अध्यक्ष अध्याशंकर पाण्डे ने प्रेस वार्ता में बताया कि ऑनलाइन दवा बिक्री के कारण छोटे दवा दुकानदारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने कहा कि बड़ी कॉर्पोरेट कंपनियां भारी डिस्काउंट देकर बाजार पर कब्जा करना चाहती हैं, जिससे छोटे दुकानदारों का व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। दुकानदारों का कहना है कि उन्हें दवा कंपनियों से सीमित मार्जिन मिलता है, जिसमें दुकान का किराया, स्टाफ का वेतन और अन्य खर्च निकालना मुश्किल हो रहा है। एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने यह भी आरोप लगाया कि ऑनलाइन माध्यम से नशीली दवाओं की बिक्री बढ़ रही है, जिससे युवाओं में दुरुपयोग की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने सरकार से ऑनलाइन दवा बिक्री पर सख्त रोक लगाने की मांग की है। साथ ही बाजार में बिक रही नकली दवाओं पर कड़ी कार्रवाई की मांग भी उठाई गई है। गढ़वा केमिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि देशभर में लगभग 12 लाख 40 हजार दवा दुकानें पंजीकृत हैं और इन दुकानों से लाखों परिवारों का रोजगार जुड़ा हुआ है। यदि ऑनलाइन दवा बिक्री पर रोक नहीं लगी तो छोटे दुकानदार भुखमरी के कगार पर पहुंच जाएंगे। एसोसिएशन ने बताया कि 15 मई से जिले के दवा दुकानदार काला बिल्ला लगाकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद 20 मई को पूर्ण रूप से दवा दुकानें बंद रखकर सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाई जाएगी। मौके पर एसोसिएशन के सचिव नंद किशोर श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष मनीष कश्यप, मुरली प्रसाद गुप्ता, वीरेंद्र सिंह, संतोष गुप्ता, संतोष दुबे, जितेंद्र कुमार, अशोक गुप्ता सहित कई दवा व्यवसायी मौजूद थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *